Ahmednagar News: महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में एक बिल्ली को बचाने के दौरान पांच लोगों ने अपनी जान गंवा दी। दरअसल एक बिल्ली बायोगैस के एक गड्ढे में गिर गई थी। जिसे बचाने के लिए एक व्यक्ति नीचे उतरा, लेकिन वह भी फंस गया। जिसे बचाने के लिए बाकी के 5 लोग भी नीचे उतर आए और पांच लोगों की मौत हो गई। हालांकि एक व्यक्ति को बचा लिया गया है।
बिल्ली को बचाने के दौरान 5 लोगों की मौत (सांकेतिक फोटो)
मृतकों के शव बरामद
पुलिस ने बताया कि बताया कि मृतकों के शव इस घटना के कुछ घंटे बाद बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि घटना मंगलवार की शाम को नेवासा तहसील के वाकडी गांव में हुई। अधिकारियों ने आधी रात के बाद पांच मृतकों के शव बाहर निकाले। नेवासा पुलिस थाने के निरीक्षक धनंजय जाधव ने कहा, "हमने बायोगैस के गड्ढे में जानवरों के अपशिष्ट घोल से मृतकों के शव बरामद किए हैं। शवों को बुधवार देर रात करीब 12.30 बजे बाहर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया।"
सभी लोग गड्ढे के कीचड़ में फंसे
उन्होंने बताया कि गड्ढे में एकत्रित पशु अपशिष्ट के घोल में एक बिल्ली गिर गई थी। जिसके बाद एक व्यक्ति उसे बचाने के लिए गड्ढे में उतरा लेकिन वह अंदर कीचड़ में फंस गया। जाधव ने कहा, "उसे बचाने के लिए पांच अन्य लोग एक के बाद एक नीचे उतरे और अंदर फंस गए।" उन्होंने बताया कि घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक को बचा लिया गया, जिसका फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
