Snowfall in Nainital: झीलों के शहर नैनीताल में बर्फबारी शुरू हो गई है। सोमवार को यहां सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया है। यहां आए पर्यटकों की खुशी भी स्नोफॉल देखकर दोगुनी हो गई। पर्यटक बर्फ में खूब मस्ती करते हुए नजर आए। लोगों ने बर्फबारी को खूब इंजॉय किया और इस पल को कैमरे में भी कैद किया।
नैनीताल में बर्फबारी
बर्फ से ढकी चोटियां
नैनीताल के मौसम ने करवट बदल ली है। यहां बर्फबारी का सिलसिला सोमवार को देखने को मिला। यहां सबसे ऊंची नैना पीक, किलबरी, हिमालय दर्शन और फिर धीरे धीरे मॉल रोड सहित पूरे नैनीताल शहर में बर्फबारी शुरू हो गई। इस बर्फबारी को देख पर्यटन से जुड़े लोगों के भी चेहरे खिल उठे।स्नोफॉल शुरू होने से नैनीताल में अब पर्यटकों की आवाजाही भी बेहद बढ़ गयी है। यहां आए टूरिस्ट बर्फबारी में खड़े होकर फ़ोटो खिंचवाते और वीडियो बनाते हुए भी नजर आए। इस दौरान मौसम बदलने से पर्यटकों को ठंड भी खूब लगी। लोगों ने गर्म कपड़े पहनकर सर्दी से खुद को बचाया।
आज नैनीताल का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को नैनीताल का अधिकतम तापमान 10.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज नैनीताल में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 16 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। 11 से 15 दिसंबर के दौरान नैनीताल का मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 18 से 19 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 0 से 4 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है।
