हरिद्वार: भीषण गर्मी के बीच चलते वाहनों में आग लगने की खबरें आम हो गई हैं। लगातार देश के विभिन्न क्षेत्रों से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं। इसी तरह का एक वीडियो हरिद्वार से सामने आया है, जिसमें एक चलती कार आग का गोला बन गई है। वाकया सोमवार दोपहर 1:30 बजे का बताया जा रहा है, जहां चिलचिलाती धूप के बीच सड़क पर दौड़ रही कार में अचानक आग लग गई। आनन-फानन में किसी तरह कार सवारों ने बाहर निकल कर अपनी जान बचाई। घटना श्यामपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, कार सवार लोग हरिद्वार से नजीबाबाद की ओर जा रहे थे, तभी कांगड़ी के पास क्विड कार से आग की लपटे उठने लगीं। आग की सूचना पाते ही सूचना पर पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार जलकर राख हो चुकी थी।
हरिद्वार में कार में लगी आग
यह भी पढे़ं - पल में छिनी खुशियां! हिसार में ट्रक और कार की टक्कर से 5 की मौत, बेटी का रिश्ता तय करने आया था परिवार
कार में आग लगने का वीडियो आया सामने
वीडियो में कार धू-धूकर जलती नजर आ रही है। देखने से अंदाजा लगाया जा सकता है कि ये हादसा कितना भयावह था। अगर, कार सवार लोग समय रहते बाहर नहीं आ पाते तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। हालांकि, आग कैसे लगी अभी इसका स्पष्ट कारण सामने निकलकर नहीं आया है। फिलहाल, पुलिस कार सवार लोगों से घटना की जानकारी ले रही है।
