Sahara Shahar Lucknow Fire: 26 नबंवर यानी गुरुवार शाम लखनऊ के गोमती नगर स्थित सहारा शहर के पार्किंग एरिया में भीषण आग लग गई, जिसके बाद 15 दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि शाम करीब 6:30 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद चीफ फायर ऑफिसर के नेतृत्व में दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पा लिया गया है और दमकलकर्मी अभी भी बची हुई लपटों को पूरी तरह बुझाने में जुटे हैं।
लखनऊ में सहारा शहर के पार्किंग एरिया में भीषण आग
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के फंसे होने की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय पुलिस भी राहत कार्य में मदद कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और मौके की तस्वीरों से पता चला कि आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं और दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: गैस सिलिंडर फटने से और भड़की आग, उत्तरकाशी में 33 मकान जलकर खाक
इससे पहले दिन में जानकीपुरम एक्सटेंशन के सेक्टर 3 में पटाखे और गद्दे बेचने वाली एक दुकान में भी भीषण आग लग गई थी।अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारण वहां करीब दो घंटे तक लगातार पटाखे फटते रहे।
दो घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद आग पर काबू पा लिया गया
मौके पर तीन दमकल गाड़ियां और स्थानीय पुलिस पहुंची। करीब दो घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। गोमती नदी के किनारे स्थित, हरियाली से भरा सहारा शहर एक विशाल निजी परिसर है। इसे सहारा समूह के बिजनेस और रियल एस्टेट कार्यों के हिस्से के रूप में स्थापित किया गया था। सहारा समूह की स्थापना दिवंगत व्यवसायी सुब्रत रॉय सहारा ने की थी।
यह संपत्ति कानूनी विवादों का सामना कर रही है
बाद में, निवेशकों से जुटाई गई धनराशि को लेकर उन्हें लंबी कानूनी कार्यवाही का सामना करना पड़ा। निवेशकों को पैसे लौटाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही के बाद, 2014 में उन्हें जेल भेज दिया गया था। नवंबर 2023 में उनका निधन हो गया। फिलहाल, यह संपत्ति कानूनी विवादों का सामना कर रही है।
