मुंबई के T2 एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन पर लगी आग से मचा हड़कंप, अंडरग्राउंड रूट पर सेवाएं प्रभावित

मुंबई के अंधेरी स्थित टी2 एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन के भूमिगत हिस्से में बुधवार को आग लगने से अफरातफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों को तुरंत बाहर निकाला गया, हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

Mumbai Metro Fire: मुंबई के अंधेरी (पूर्व) स्थित टी2 एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन के भूमिगत हिस्से में बुधवार को अचानक आग लग गई, जिसके बाद एहतियातन यात्रियों को तुरंत स्टेशन से बाहर निकाला गया। अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना शाम करीब 4:10 बजे हुई और इसमें किसी के घायल होने की खबर नहीं है। आग लगने के कारण मेट्रो की एक्वा लाइन-3 पर आरे जेवीएलआर से कफ परेड के बीच अंडरग्राउंड रूट पर सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं। एक नगर निगम अधिकारी ने बताया कि आग स्टेशन के तकनीकी कक्ष में लगी थी। घटना की सूचना मुंबई फायर ब्रिगेड को शाम 4:13 बजे दी गई, जिसके बाद दमकल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और हालात पर काबू पाया।

Fire at underground T2 Metro station in Mumbai

मुंबई के टी2 एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन पर लगी आग (प्रतीकात्मतक फोटो)

आग पर कैसे पाया गया काबू

दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मौके पर तीन फायर इंजन और दो जंबो टैंकर भेजे गए थे, जिनकी मदद से शाम करीब 4:30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग के चलते भूमिगत स्टेशन में धुआं भर गया था, इसलिए बचाव कार्य के दौरान दमकलकर्मियों को सांस लेने के उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ा। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है, हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। वहीं, सेवाओं का संचालन करने वाली मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MMRCL) ने इसे “हल्की धुएं की घटना” बताया है।

End of Feed