सीएम योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी से गरमाया माहौल, बिहार के मौलवी के खिलाफ FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले ने पूरे राज्य में हलचल मचा दी है। बिहार के मौलाना अब्दुल सलीम के खिलाफ कई जिलों में नई शिकायतें दर्ज कराई गई हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके चलते भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में बिहार के एक मौलवी के खिलाफ सोमवार को राज्य के कई स्थानों पर नई शिकायतें दर्ज कराई गईं। वहीं पुलिस ने बताया कि इस संबंध में बलरामपुर जिले में पहले ही मामला दर्ज किया जा चुका है। मौलवी के खिलाफ एफआईआर में बीएनएस की धाराएं 196(1)(ए), 299 और 353(1)(सी) लगाई गई हैं। बलिया जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने बांसडीह कोतवाली थाने में मौलाना अब्दुल सलीम के खिलाफ लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मौलवी ने मुख्यमंत्री की मां को लेकर अनुचित और आपत्तिजनक बयान दिया है।

CM Yogi Adityanath (File Photo: ANI)

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो: एएनआई)

बांसडीह कोतवाली के थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को शिकायत प्राप्त हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने मौलाना अब्दुल सलीम के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित आवेदन दिया है, जिस पर जांच की प्रक्रिया जारी है। इसी बीच अलीगढ़ जिले के खैर से भाजपा विधायक सुरेंद्र दिलेर ने भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर मौलवी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दिलेर ने अपने पत्र में कहा कि मौलाना अब्दुल सलीम की टिप्पणियों का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें कुछ हिंदू धार्मिक प्रथाओं और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की मां के खिलाफ अपमानजनक बातें की गई हैं। दिलेर ने बताया कि इससे समुदायों के बीच सौहार्द बिगड़ने का खतरा है और पुलिस से आग्रह किया कि आरोपी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।

End of Feed