शहर

मेवाड़ विश्वविद्यालय में मचा बवाल; गैर-मान्यता प्राप्त बी.एससी. नर्सिंग पाठ्यक्रम पर छात्रों का प्रदर्शन

चित्तौड़गढ़ के मेवाड़ विश्वविद्यालय में बी.एससी. नर्सिंग पढ़ाई कर रहे 17 कश्मीरी छात्रों को उनके पाठ्यक्रम को मान्यता नहीं मिलने के विरोध में प्रदर्शन करने के बाद हिरासत में लिया गया। प्रदर्शन के दौरान एक छात्र ने आत्मदाह का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने रोक लिया। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय ने विज्ञापनों में पाठ्यक्रम को मान्यता प्राप्त बताया था, जबकि वास्तविकता में ऐसा नहीं था।

Image

मेवाड़ विश्वविद्यालय में गैर-मान्यता प्राप्त बी.एससी. नर्सिंग पाठ्यक्रम पर छात्रों का प्रदर्शन (सांकेतिक फोटो)

Rajasthan News: चित्तौड़गढ़ स्थित मेवाड़ विश्वविद्यालय में बी.एससी. नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे 17 कश्मीरी छात्रों को सोमवार को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई छात्रों द्वारा अपने पाठ्यक्रम को मान्यता नहीं मिलने के विरोध में प्रदर्शन करने के बाद की गई। छात्रों ने विश्वविद्यालय के परिसर में नारेबाजी करते हुए राजस्थान नर्सिंग काउंसिल और इंडियन नर्सिंग काउंसिल से बी.एससी. नर्सिंग डिग्री कार्यक्रम को मान्यता देने की मांग की।

एक छात्र ने किया आत्मदाह का प्रयास

गंगरार थाना प्रभारी श्याम गुर्जर ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान एक छात्र ने आत्मदाह का प्रयास किया और पेट्रोल छिड़क दिया, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करके उसे बचा लिया। इसके बाद 17 छात्रों को हिरासत में ले लिया गया। छात्रों का कहना है कि उन्होंने विश्वविद्यालय के विज्ञापनों को देखकर प्रवेश लिया था, जिनमें पाठ्यक्रम को मान्यता प्राप्त बताया गया था। बाद में उन्हें पता चला कि बी.एससी. नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए विश्वविद्यालय ने राजस्थान नर्सिंग काउंसिल और इंडियन नर्सिंग काउंसिल से कोई मान्यता नहीं ली है।

राजस्थान में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हुई समीक्षा बैठक

वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने सोमवार को राजस्थान में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए राज्य पुलिस के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। यह बैठक पुलिस मुख्यालय के सभागार में हुई, जिसमें अधिकारियों ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों से जुड़े मामलों और उन पर की गई कार्रवाई की प्रगति पर विचार-विमर्श किया। बैठक में महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तंत्र को मजबूत करने की रणनीतियों पर चर्चा की गई।

इस बैठक में प्राप्त शिकायतों की स्थिति, उनके निपटारे के प्रयास और पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) हर्षवर्धन अग्रवाल ने राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की वर्तमान स्थिति, दर्ज शिकायतों की संख्या और उनके समाधान के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बैठक के दौरान सुरक्षा से जुड़े कार्यों का अवलोकन किया और कुछ सुझाव भी दिए। अधिकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य में लागू विभिन्न योजनाओं पर भी विचार किया। इस समीक्षा बैठक में राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article