Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी 35 वर्षीय बेटी का शव लगभग चार महीने तक अपने ही घर में छिपाकर रखा। पुलिस क्षेत्राधिकारी (कैंट) नवीना शुक्ला के अनुसार जिले के सदर बाजार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कई महीनों से घर बंद कर कहीं चला गया एक व्यक्ति हाल ही में वापस लौटा है। जब उससे उसकी बेटी के बारे में पूछताछ की गई तो उसने पहले टालमटोल किया, लेकिन बाद में बताया कि बीमारी के कारण उसकी बेटी की मृत्यु हो गई थी और उसने शव को घर के एक कमरे में बंद कर दिया था।
मेरठ में सनसनीखेज मामला (प्रतीकात्मक फोटो)
पुलिस ने किया सड़ा-गला शव बरामद
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर से युवती का सड़ा-गला शव बरामद किया, जो काफी हद तक कंकाल में तब्दील हो चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान उदय भानु बिस्वास (76) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल का निवासी है और शिक्षा विभाग में प्रशासनिक अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त है। वह मेरठ के सदर बाजार स्थित तेली मोहल्ले में अपनी बेटी प्रियंका बिस्वास (35) के साथ रहते थे। प्रियंका एक प्राइवेट स्कूल में टीचर थी।
एक दिसंबर 2025 को हुई थी मौत
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती की मौत एक दिसंबर 2025 को कथित रूप से बीमारी के कारण हुई थी। इसके बाद आरोपी ने न तो किसी को इसकी सूचना दी और न ही अंतिम संस्कार किया। वह कई दिनों तक शव के साथ घर में ही रहा और दुर्गंध को छिपाने के लिए परफ्यूम का इस्तेमाल करता रहा।
घर में कूड़ा भरकर हरिद्वार चला गया पिता
पुलिस ने बताया कि बाद में आरोपी घर में कूड़ा भरकर हरिद्वार चला गया था और हाल ही में वापस लौटा। शुक्रवार को रिश्तेदारों को शक होने पर वे घर पहुंचे। घर से तेज दुर्गंध आने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक विभाग की टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि यह साफ हो सके कि महिला की मौत प्राकृतिक कारणों से थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
