शहर

छत्तीसगढ़ में मासूम के साथ दरिंदगी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Chhattisgarh Crime: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पांच साल की बच्ची के साथ गंभीर अपराध के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Image

छत्तीसगढ़ में शर्मनाक घटना (प्रतीकात्मक फोटो)

Chhattisgarh Crime: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले (Durg Crime) में पुलिस ने पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के उतई थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने धनेश्वर साहू (35) को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि शुकवार दोपहर लगभग 12 बजे जब पीड़िता स्कूल से घर पहुंची तब वह पास की एक दुकान में चॉकलेट लेने चली गई।

कुएं के पास बोरे में बंद मिली बच्ची

इस दौरान मोहल्ले में रहने वाला आरोपी धनेश्वर वहां मौजूद था। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने से आरोपी उसे अपने घर ले गया और वहां उससे दुष्कर्म किया। अधिकारियों ने बताया कि जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं पहुंची तब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। लगभग दो घंटे के बाद ग्रामीणों को कुंए के करीब एक संदिग्ध बोरा हिलते हुए दिखा। जब ग्रामीणों ने बोरा खोला तब उसमें बच्ची थी और उसका मुंह तकिए के खोल से बंधा हुआ था। उन्होंने आगे बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और घायल बालिका को अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा

अधिकारियों ने बताया कि चिकित्सा जांच में बालिका से दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। बच्ची डरी हुई है तथा घायल है, अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है। पीटीआई की खबर के मुताबिक पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में थाने के करीब पहुंच गए और उन्होंने आरोपी को फांसी देने की मांग की। ग्रामीणों को समझा कर वापस भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि वह अनुरोध करेगी कि मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में हो जिससे पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article