फरीदाबाद

दो महिलाओं सहित 5 गिरफ्तार, हनी ट्रैप में फंसाकर लाखों लूट लेते थे शातिर

फरीदाबाद में हनी ट्रैप में फंसाकर लोगों के साथ लाखों रुपये की लूट को अंजाम देने वाले 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें 2 महिलाएं भी शामिल है। ये गिरोह दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करने की धमकी देकर वारदात को अंजाम देता है।

Image

हनी ट्रैप में फंसाकर लाखों लूट लेते थे शातिर

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • प्यार के जाल में फंसाकर करते थे लाखों की लूट
  • फरीदाबाद में हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश
  • दो महिला समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा के फरीदाबाद इलाके में लंबे समय से हनी ट्रैप के मामले सामने आ रहे है। यहां आरोपी काफी समय से लोगों को ब्लैकमेल करके उनसे लाखों रुपये लूट रहे हैं। इस बीच नूंह के रहने वाले एक व्यक्ति ने धौज थाना में बीते 11 सितंबर हनी ट्रैप में फंसाकर पैसे ऐंठने का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। बता दें कि हनी ट्रैप में आरोपी लोगों को प्यार के जाल में फंसा कर उनसे मोटी रकम ऐंठने का काम करते हैं। इस तरह के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

हनी ट्रैप में फंसाकर पैसे ऐंठने वाला गिरोह गिरफ्तार

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि फतेहपुर तगा की रहने वाली एक महिला ने अपना नाम सानिया बताकर उससे बात की और उसे अपने प्यार के जाल में फंसाया। महिला ने पीड़ित को बताया कि उसका पति उसके साथ बहुत मारपीट करता है। पति से बचाने के लिए पीड़ित युवक महिला के गांव नेकपुर पहुंच गया। यहां महिला ने उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए उकसाया। तभी महिला का पति वहां आ गया और पीड़ित पर पत्नी के साथ गलत काम करने का आरोप लगाने लगा। पीड़ित ने आगे बताया कि आरोपियों ने इस मामले को रफा-दफा करने के लिए 10 लाख रुपये मांगे। इज्जत बचाने के लिए पीड़ित ने आरोपियों को 3.51 लाख रुपये दिए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे बाद में मालूम हुआ कि उसका दोस्त काले उर्फ मुबारिक भी इस गिरोह का हिस्सा है। उसके दोस्त ने ही महिला को उसका नंबर हनी ट्रैप में फंसाने के लिए दिया था।

हनी ट्रैप के मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले की जांच करते हुए इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें दो महिलाएं भी शामिल है। आरोपी लोगों को दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी देकर उनसे पैसे लूटते थे। पुलिस ने महिला आरोपियों की पहचना फतेहपुर तगा निवासी रहीश और फरीद के रूप में की है। ये दोनों मुंह बोली बुआ और भतीजी हैं। बताया जा रहा है कि इस गिरोह में करीब 12 लोग शामिल हैं। पुलिस इन सभी को गिरफ्तार करने की कोशिश में लगी है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article