फरीदाबाद के तिगांव थाना क्षेत्र में 10वीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी मचा दी है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह 7.30 बजे छात्रा अपने स्कूल जाने के लिए निकली थी। उसी समय आरोपियों ने छात्रा को कार में अगवा कर अपनी हवस का शिकार बनाया। इसके बाद बीच रास्ते में लड़की को छोड़कर वे फरार हो गए।
फरीदाबाद में नाबालिग के साथ दुष्कर्म
नाबालिग छात्रा अपने घर पहुंची और उसने अपने परिजनों को इस बारे में बताया। परिजन पीड़िता को लेकर पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, छात्रा सुबह 7.30 बजे अपने छोटे भाई को पास के स्कूल में छोड़ने के बाद दूसरे गांव में अपने स्कूल जाने के लिए निकली थी। इस दौरान एक कार से दो युवकों ने उसे रास्ते में रोककर जबरन कार में डाल लिया। इसके बाद उन्होंने चलती कार में दुष्कर्म किया।
कार में घुमाते रहे आरोपी
नाबालिग ने बताया कि आरोपी उसे कार में घुमाते रहे। साथ ही, उसे जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म करते रहे। दोपहर बाद वे उसे कार से फेंककर भाग गए। वो किसी तरह से घर पहुंची और अपने परिजनों को पूरी घटना बताई। परिवार ने रविवार को पुलिस में मामले की सूचना दी। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और बीएनएस संबंधित तमाम धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
