Faridabad: सर्दी-खांसी और बुखार जैसी संक्रमण की बीमारियों ने इस समय रफ्तार पकड़ ली है। जिसकी वजह से लोगों में कोराना वायरस फैलने का डर पनपने लगा है। हालांकि डॉक्टरों के अनुसार इसके लिए कोविड नहीं इन्फ्लूएंजा वायरस जिम्मेदार है। इन्फ्लूएंजा वायरस के A सबटाइप H3N2 ने पिछले एक माह से लोगों को अपने जकड़ में रखा है। इसकी वजह से बुखार और सर्दी-खांसी के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। फरीदाबाद के बीके अस्पताल के ओपीडी में रोजाना करीब दो से ढाई हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इस समय यहां आने वाले मरीजों में करीब 600 से 700 मरीज इन्फ्लूएंजा वायरस से संक्रमित हैं। डाक्टरों के अनुसार इन मरीजों के संख्या में पिछले एक सप्ताह के अंदर ही करीब 40% की बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है। इस वायरस से प्रभावित मरीजों में बच्चे और बुज़ुर्गों की संख्या ज्यादा है।
इन्फ्लूएंजा वायरस कर रहा लोगों को बीमार
इन्फ्लूएंजा वायरस से संक्रमित मरीजों के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए फरीदाबाद स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. रामभगत ने बताया कि इन्फ्लूएंजा वायरस को लेकर अभी तक सरकार की तरफ से कोई निर्देश नहीं मिला है, लेकिन इसके बावजूद जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी को अलर्ट भेज ऐसे मरीजों के लिए इलाज की उचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा सभी अस्पतालों में आइसोलेशन बॉर्ड बना बेड आरक्षित करने को भी कहा गया है। हालांकि अभी तक किसी मरीज को भर्ती करने की नौबत नहीं आई है।
