Faridabad Accident: दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के पहले खंड का पीएम मोदी ने आज शुभारंभ कर दिया। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से पहले इस पर एक बड़ा हादसा सामने आया है। एक्सप्रेसवे पर अलवर के पास हुए एक कार हादसे में फरीदाबाद के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया रहा है कि एक कार में सवार होकर पूरा परिवार जयपुर शादी समारोह में जा रहा था। कार में कुल 9 लोग सवार थे। मरने वालों में मां-बेटी और मां-बेटा शामिल हैं। घायलों का अलवर में इलाज किया जा रहा है।
सड़क हादसे में चार लोगों की मौत
बता दें कि दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के औपचारिक उद्घाटन से पहले ही इसके कुछ एरिया में वाहनों का आवगमन शुरू हो गया था। शनिवार को फरीदाबाद का एक परिवार इस एक्सप्रेसवे से होकर जयपुर जा रहा था। बताया जा रहा है कि, जब यह परिवार अलवर के पिनान पहुंचा तो वहां पर एक दूसरी कार को ओवरटेक करने के चक्कर में यह कार बेकाबू होकर पलट गई। तेज रफ्तार होने के कारण कार ने सड़क पर कई बार पलटी खाई। जिसकी वजह से वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे के बाद गांव के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
