फरीदाबाद

Faridabad: तांत्रिक के फेर में महिला ने बच्चे को नहर में फेंका, बेटे को समझ बैठी थी 'जिन्न'

फरीदाबाद में एक तांत्रिक के फेर में महिला ने अपने मासूम बच्चे को नहर में फेंक दिया। उसे एक तांत्रिक ने बताया था कि उसका बेटा जिन्न है, जो उसके परिवार को नष्ट कर देगा। राहगीरों ने जब ये देखा तो शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। महिला तांत्रिक और आरोपी महिला दोनों पुलिस के हिरासत में हैं।

Image

तांत्रिक के कहने पर बच्चे को नहर में फेंका (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद में एक सनसनीखेज घटना हुई है। एक तांत्रिक की बातों में आकर एक महिला ने अपने बेटे को नहर में फेंक दिया। तांत्रिक ने कहा था कि उसका बेटा जिन्न है। पुलिस ने बताया कि एक महिला ने अपने दो साल के बेटे को नहर में फेंक दिया। जब वह ऐसा कर रही थी तो लोगों ने उसे देख लिया था। महिला फिलहाल हिरासत में है और खबर लिखे जाने तक बच्चे की तलाश नहीं हो पाई है। आरोपी महिला के साथ तांत्रिक भी हिरासत में ले ली गई है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, फरीदाबाद की सैनिक कॉलोनी में रहने वाली मेघा लुकरा 16 साल से विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी की उम्र 14 साल है और छोटा बेटा दो साल का है। मेघा के पति कपिल ने शिकायत में कहा है कि मेघा लंबे समय से एक तांत्रिक से संपर्क में है। तांत्रिक का नाम मीता भाटिया है, जिसने मेघा को यकीन दिलाया था कि उसका छोटा बेटा एक 'सफेद जिन्न' है। वह उसके पूरे परिवार को नष्ट कर देगा। मीता ने मेघा को जब ये बातें बताईं तो मेघा मानसिक रूप से परेशान हो गई।

राहगीरों ने बुलाई पुलिस

कपिल ने शिकायत में बताया कि रविवार की शाम करीब पांच बजे बिना किसी को कुछ बताए मेघा अपने बेटे को लेकर घर से निकल गई। जब कपिल को इसकी भनक लगी उसने मेघा की तलाश शुरू की। कपिल को मेघा थाने में मिली थी। रविवार की शाम जब बीपीटीपी पुल से आगरा नहर में मेघा बच्चे को फेंक रही थी तो लोगों ने उसे देखकर शोर मचाया और पुलिस बुला ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(इनपुट-पीटीआई)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article