Faridabad: फरीदाबाद में हत्या का एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में बदमाशों ने दिन दहाड़े 16 साल के एक छात्र पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। छात्र पर हमला होते देख कुछ लोगों ने उसे बचाने की भी कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने चाकू दिखा लोगों को दूर रहने की चेतावनी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ बदमाश चाकू लहराते हुए फरार हो गए। घटना के बाद छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
फरीदाबाद में छात्र का चाकू से गोदकर हत्या
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांव भनकपुर का रहने वाली 16 वर्षीय विपिन तेवतिया पास के ही एक प्राइवेट स्कूल में 11वीं का छात्र था। स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह अपने 2 दोस्तों के साथ स्कूटी पर सवार होकर घर आ रहा था। वह तीनों जैसे ही नंगला-भनपुर रोड स्थित अंडरपास के पास पहुंचे। पीछे से दो बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने उसे चलती स्कूटी से खिंच कर नीचे गिरा दिया। इसके बाद एक बदमाश ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिए। विपिन पर हमला होता उसके दोनों साथी वहां से जान बचाकर भाग खड़े हुए। छात्र पर हमला होता देख आसपास मौजूद कुछ लोगों ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन बेखौफ बदमाशों ने चाकू दिखा लोगों को दूर रहने पर मजबूर कर दिया। जिसके बाद बाइक पर सवार हो सभी बदमाश वहां से भाग निकले।
