Maharajganj News: एक बार फिर उत्तर प्रदेश में लूटेरी दुल्हन से जुड़ा मामला सामने आया है। लेकिन इस बार एक-दो नहीं बल्कि चार शातिर महिलाओं का खुलासा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, महाराजगंज जिले की सिंदुरिया थाना पुलिस ने शादी के बहाने लोगों को ठगने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
महराजगंज में लुटेरी दुल्हन गैंग का भंडाफोड़
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी और आभूषण भी बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि यह गिरोह पहले से शादीशुदा महिलाओं को कुंवारी बताकर फर्जी रिश्ते तय करता था और विवाह का नाटक रचकर लड़के पक्ष से पैसे व जेवर हासिल कर लेता था। इसके बाद आरोपी किसी विवाद का बहाना बनाकर मौके से फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 2 मई को उत्तर प्रदेश के एटा जिले के रहने वाले रंजीत चौहान अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ सिंदुरिया थाना क्षेत्र के एक मंदिर में विवाह समारोह के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद जितेंद्र नाम के व्यक्ति और उसके साथ आई चार महिलाओं ने शादी की व्यवस्था और खान-पान के बहाने उनसे करीब एक लाख रुपये तथा जेवरात ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने अचानक विवाद खड़ा कर दिया, मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
विवाहित है और उसका एक बच्चा भी
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि गिरोह में शामिल अंजलिका नाम की महिला पहले से विवाहित है और उसका एक बच्चा भी है, लेकिन उसे अविवाहित बताकर उसका नाम बदलकर पूजा रखा गया था। इसी झूठी पहचान के आधार पर शादी का नाटक रचकर ठगी को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में शामिल चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह का सदस्य जितेंद्र अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
