जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के जुंगलपोरा में बुधवार सुबह आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। ताजा अपडेट के मुताबिक, सुरक्षा बलों और छिपे हुए आतंकवादियों के बीच संपर्क स्थापित हो गया है और दोनों ओर से भारी गोलीबारी जारी है। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम आतंकियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इस बीच पुलिस ने 11 नवंबर को CRPF नाके पर हुए हमले की जांच से जुड़ी अहम जानकारी साझा की है। पुलिस के मुताबिक, हमले में शामिल उमर निसार डार और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) कमांडर लतीफ भट ने वारदात से पहले कई जगहों की रेकी की थी।
सांकेतिक फोटो
हमले से पहले चार जगहों पर की थी रेकी
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि CCTV फुटेज की जांच में सामने आया कि उमर निसार डार और लतीफ भट ने 10 नवंबर को मीर बार, अखरान, हबलिश और किलम में रेकी की थी। इन जगहों पर उन्होंने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए संभावित ठिकानों की पहचान की थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, 11 नवंबर को दोनों मोटरसाइकिल से अखरान पहुंचे और वहां तैनात CRPF जवानों के नाके पर हमला किया। इस गोलीबारी में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे।
CCTV फुटेज से आरोपियों की गतिविधियों का पता चला
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 10 और 11 नवंबर की CCTV फुटेज की जांच की। इसमें उमर और लतीफ को कई स्थानों पर लगे कैमरों में देखा गया। फुटेज में हमले से पहले उनकी गतिविधियां और वारदात के बाद भागने की तस्वीरें सामने आईं। पुलिस के मुताबिक, उमर निसार डार के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में पता चला कि वह पिछले पांच से छह महीने से लश्कर कमांडर लतीफ भट को पनाह और मदद दे रहा था। अखरान हमले के तुरंत बाद उमर TRF संगठन में शामिल हो गया था।
लारू में मुठभेड़ में मारा गया उमर
सोमवार को सुरक्षाबलों ने लारू में उमर और लतीफ को रोक लिया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया। वहीं, लश्कर कमांडर लतीफ भट की तलाश जारी है। बुधवार सुबह कुलगाम में एक अन्य मुठभेड़ शुरू होने की भी पुलिस ने जानकारी दी है।
