महाराष्ट्र के कोल्हापुर में तीन दशक से अधिक समय से रह रही हाथिनी माधुरी अब अपने घर लौटने के लिए तैयार है। गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उसे विशेष उपचार और पुनर्वास के लिए जामनगर स्थित वन्यजीव पुनर्वास एवं संरक्षण केंद्र वंतारा लाया गया था। एक साल से अधिक समय तक चले इलाज और गहन पुनर्वास के बाद अब माधुरी को यात्रा के लिए फिट घोषित किया गया है।
घर लौटेगी 'माधुरी'
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, कोल्हापुर में महादेवी के नाम से जानी जाने वाली माधुरी को 30 जुलाई 2025 को HPC के निर्देशों के तहत गुजरात के जामनगर स्थित वंतारा लाया गया था। जब माधुरी वंतारा पहुंची थी, तब वह एडवांस्ड आर्थराइटिस, क्रॉनिक फुट रॉट और गंभीर गतिशीलता संबंधी समस्याओं से जूझ रही थी। लंबे समय तक सीमित गतिविधियों और कठोर कंक्रीट सतहों पर रहने और लगातार जंजीरों से बंधे रहने के कारण उसके जोड़ों में जकड़न और चलने-फिरने में परेशानी बढ़ गई थी।
चला व्यापक पुनर्वास कार्यक्रम
इसके बाद वंतारा में माधुरी के लिए विशेष उपचार और पुनर्वास कार्यक्रम चलाया गया। इसमें पशु चिकित्सकों के साथ देखभालकर्ता, पोषण विशेषज्ञ और व्यवहार विशेषज्ञ शामिल थे। टीम ने उसके शारीरिक स्वास्थ्य, चलने-फिरने की क्षमता और भावनात्मक स्थिति में सुधार पर काम किया। इलाज के दौरान माधुरी को हाइड्रोथेरेपी, लेजर थेरेपी, विशेष फुट केयर और लक्षित पोषण दिया गया। उसकी सेहत की लगातार निगरानी की गई।
सुप्रीम कोर्ट की समिति के आकलन के बाद मिली वापसी की मंजूरी
माधुरी की महाराष्ट्र वापसी सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त हाई पावर्ड कमेटी (HPC) के आकलन के बाद हो रही है। समिति ने माधुरी के स्वास्थ्य और सुधार की स्थिति की समीक्षा की। इसके बाद गुजरात से महाराष्ट्र तक उसके स्थानांतरण के लिए जरूरी मंजूरियां और ट्रांजिट परमिट जारी किए गए। समिति ने माधुरी की वापसी के साथ कई कड़ी शर्तें भी लगाई हैं। इनमें उसे किसी जुलूस या अन्य गतिविधि में इस्तेमाल नहीं करना, चौबीसों घंटे देखभाल उपलब्ध कराना और हर पखवाड़े उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराना शामिल है।
विशेष हाथी एंबुलेंस से कोल्हापुर जाएगी माधुरी
माधुरी वंतारा से विशेष रूप से तैयार हाथी एंबुलेंस में कोल्हापुर के लिए रवाना होगी। यात्रा के दौरान वंतारा की पशु चिकित्सा और देखभाल टीम उसके साथ रहेगी। टीम उसकी सुरक्षा, आराम और लगातार चिकित्सकीय निगरानी सुनिश्चित करेगी।
वंतारा का भी आया बयान
इसे लेकर पशु बचाव एवं पुनर्वास केंद्र वंतारा ने शुक्रवार को अपना बयान जारी किया है। इसमे कहा गया है कि वह हाई-पावर्ड कमेटी (HPC) के उस आदेश का पूरी तरह पालन करेगा, जिसके तहत हाथी माधुरी को कोल्हापुर लौटने की अनुमति दी गई है। हालांकि, वंतारा ने कहा कि माधुरी की पुरानी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते उसे लगातार पशु चिकित्सा देखभाल और निगरानी की जरूरत रहेगी।
