DUSU Election Result 2026 : दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। शनिवार सुबह से जारी वोटों की गिनती में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने बाजी मारी। ABVP ने अध्यक्ष समेत प्रमुख तीन पदों पर जीत दर्ज की है। ABVP ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर कब्जा जमाया, जबकि उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने बड़ी जीत हासिल की। इस चुनाव में कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI एक भी पद जीतने में सफल नहीं रही। एबीवीपी के अध्यक्ष चुने गए यश दयाल ने कहा कि स्टूडेंट्स ने NSUI को स्वीकार नहीं किया ,ये विद्यार्थियों की जीत है। उधर, गृह मंत्री अमित समेत कई नेताओं के साथ बीजेपी अध्यक्ष ने छात्रों को जीत की बधाई दी है।
DUSU चुनाव परिणाम घोषित (फोटो-ABVP)
ABVP ने DUSU चुनाव में 2025-26 जैसा प्रदर्शन दोहराते हुए तीन प्रमुख पदों पर अपना परचम लहराया। अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डाबस ने NSUI के विजय मीणा को हराकर जीत दर्ज की। यश डाबस को कुल 24,576 वोट मिले, जबकि विजय मीणा के खाते में 22,523 वोट आए।
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन की जीत
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने बड़ी जीत दर्ज की। NSUI से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे दीपांशु शौकीन को कुल 30,615 वोट मिले। उन्होंने ABVP के ईशु मौर्य और NSUI के वीर चतरथ को पीछे छोड़ते हुए उपाध्यक्ष पद पर कब्जा किया।
रिया छावड़ी बनीं DUSU सचिव
सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी ने जीत दर्ज की। उन्हें कुल 21,650 वोट मिले, जबकि NSUI की नम्रता चौधरी को 14,869 वोट हासिल हुए। इस जीत के साथ ABVP ने तीन प्रमुख पदों पर अपना दबदबा कायम रखा।
संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह विजयी
संयुक्त सचिव पद पर भी ABVP के लक्ष्य राज सिंह ने जीत हासिल की। उन्हें कुल 16,641 वोट मिले। इस पद पर निर्दलीय उम्मीदवार विशेष यादव दूसरे स्थान पर रहे।
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने दी बधाई
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में मेरे सभी युवा मित्रों को डीयूएसयू चुनावों में एबीवीपी की ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई! यह जीत राष्ट्रप्रथम की भावना से प्रेरित सकारात्मक और रचनात्मक छात्र राजनीति में युवाओं के अटूट विश्वास और 'विकसित भारत' के सपने को साकार करने के उनके दृढ़ संकल्प को दर्शाती है।
गृहमंत्री अमित शाह ने दी बधाई
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि छात्र संघ चुनाव में यह विजय परिषद की राष्ट्र प्रथम की विचारधारा और छात्रहित के प्रति समर्पण पर युवाओं के अटूट भरोसे को दर्शाती है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि परिषद के कार्यकर्ता इस जीत से मिली नई ऊर्जा और स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलते हुए छात्रहितों व राष्ट्र निर्माण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे।
