शहर

चुरू में भीषण गर्मी के बीच उठा धूल का गुबार, दिन में ही छाया अंधेरा; रेतीले तूफान ने मचाई तबाही

राजस्थान के चूरू सहित कई इलाकों में भीषण गर्मी के बाद मौसम ने अचानक बदलाव लिया, जहां तेज हवाओं के साथ रेतीला तूफान और धूल का गुबार देखने को मिला। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे कुछ जगहों पर राहत तो कुछ जगहों पर परेशानी बढ़ी है।

Image

चूरू में आया रेतीला तूफान (फोटो- PTI)

Photo : PTI

Churu Dust Storm: राजस्थान के चूरू जिले में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ क्षेत्र में रेतीला तूफान उठने से धूल का घना गुबार फैल गया। इस अचानक बदलाव ने स्थानीय लोगों को गर्मी से राहत के साथ-साथ मुश्किलों का सामना भी करा दिया। कुछ घंटों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कई क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई है।

कई इलाकों में आंधी-बारिश का दौर

मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार राज्य में तेज आंधी एवं बारिश का दौर अभी जारी रहेगा और इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि एवं वज्रपात भी हो सकता है। मौसम केंद्र (जयपुर) के मुताबिक शनिवार सुबह तक 24 घंटों में कुछ भागों में आंधी चली और बारिश हुई। सर्वाधिक बारिश धौलपुर के बाड़ी में 58 मिलीमीटर दर्ज की गई।

लू से राहत की उम्मीद

मौसम केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज यानी शनिवार को भी बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर एवं उदयपुर संभागों के कुछ भागों में दोपहर बाद 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से तेज आंधी चलेगी तथा कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना हा। केंद्र ने कहीं-कहीं ओलावृष्टि एवं वज्रपात होने का भी अनुमान लगाया है। राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश की गतिविधियां अगले चार-पांच दिन जारी रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री से नीचे रहने तथा 'लू' से राहत बने रहने का अनुमान है।

आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल?

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार 31 मई को राज्य के कई हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम अस्थिर बना रहेगा। वहीं कहीं-कहीं धूल भरी आंधी और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। इस मौसम परिवर्तन के चलते तापमान में हल्की गिरावट आने और भीषण गर्मी से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article