Delhi NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है। मध्य हरियाणा के ऊपर सक्रिय हुए तूफानी बादल तेजी से दिल्ली-एनसीआर की ओर बढ़े, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में धूल भरी आंधी के बाद गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिला, जबकि कुछ स्थानों पर थोड़े समय के लिए भारी बारिश भी दर्ज की गई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और प्रभावित क्षेत्रों में पारा 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
दिल्ली में आगे कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 31 मई और 1 जून के दौरान मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। इस अवधि में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तेज हवाएं चलने के साथ कहीं-कहीं आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई को कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ों की शाखाएं टूटने और यातायात प्रभावित होने की संभावना बनी रहेगी। बारिश और बादलों के प्रभाव से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। 1 जून को भी दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रहने तथा कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। कुल मिलाकर, अगले दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना रहने और लू से राहत मिलने की संभावना है।
इन जिलों में जारी हुआ रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले दो से तीन घंटों के लिए कई राज्यों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश के बागपत, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बहराइच, श्रावस्ती और सीतापुर जिलों में तेज गरज-चमक के साथ आंधी चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
कहां-कहां जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट?
वहीं, ऑरेंज अलर्ट के तहत उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, अमरोहा, बदायूं, बलरामपुर, बरेली, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गोंडा, हापुड़, हरदोई, मुरादाबाद, रामपुर और संभल में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश तथा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हरियाणा के अंबाला, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, पानीपत, सिरसा और यमुनानगर जिलों में भी मौसम अचानक बदल सकता है। यहां तेज हवाओं, बिजली चमकने और मध्यम वर्षा की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
पंजाब के बरनाला, बठिंडा, चंडीगढ़, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, मानसा, मोगा, नवांशहर, पटियाला, रूपनगर, संगरूर और एसएएस नगर में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। इसी तरह उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी में भी खराब मौसम की स्थिति बन सकती है। राजस्थान के बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में धूलभरी आंधी, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
मध्य प्रदेश से दक्षिण भारत तक IMD का अलर्ट
वहीं मध्य प्रदेश के बैतूल और छिंदवाड़ा, झारखंड के गुमला, लातेहार और पूर्वी सिंहभूम, ओडिशा के कई जिलों तथा पश्चिम बंगाल के हावड़ा, झारग्राम, पश्चिम एवं पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना में भी अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है। दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश के अनंतपुरम, नंद्याल, प्रकाशम और वाईएसआर कडप्पा जिलों के साथ-साथ केरल के तिरुवनंतपुरम और लक्षद्वीप क्षेत्र में भी गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है। लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है।
