शहर

खराब मौसम का फ्लाइट्स पर पड़ा असर; लखनऊ डायवर्ट हुए 7 विमान, एक में आई मेडिकल इमरजेंसी

गुरुवार शाम दिल्ली-NCR में आए भीषण आंधी-तूफान के कारण 7 उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया। इस दौरान एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु-दिल्ली फ्लाइट में एक मेडिकल इमरजेंसी भी आई जिससे हड़कंप मच गया, जिसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

Image

इंडिगो-एयर इंडिया समेत 7 विमान लखनऊ उतरे (सांकेतिक चित्र)

Lucknow News: देश की राजधानी दिल्ली NCR में गुरुवार की शाम अचानक बदले मौसम के मिजाज ने विमान सेवाओं को अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज धूल भरी आंधी और अचानक हुई बारिश के कारण इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई, जिससे विमानों की लैंडिंग और टेक-ऑफ पूरी तरह प्रभावित हो गया। इस खतरनाक स्थिति को देखते हुए ATC ने विमानों को दिल्ली में उतरने की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद 6 से 7 विमानों को आपातकालीन स्थिति में लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तरफ मोड़ दिया गया। लखनऊ एयरपोर्ट पर एक के बाद एक कई विमानों की लैंडिंग करानी पड़ी, जिससे देर रात तक अमौसी एयरपोर्ट पर भारी हलचल और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

इन प्रमुख फ्लाइट्स की लखनऊ में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

एयर इंडिया एक्सप्रेस (AI2418) की एक फ्लाइट बेंगलुरु से दिल्ली जा रही थी, जिसे मौसम और मेडिकल इमरजेंसी के कारण रात 9:13 बजे लखनऊ में प्राथमिकता के आधार पर उतारा गया। इंडिगो (6E 5138) की एक फ्लाइट दिल्ली से शाम 7:10 बजे उड़ान भरकर रात 9 बजे रायपुर पहुंचने वाली इस फ्लाइट को भी लखनऊ भेजा गया। इंडिगो (6E 329) की फ्लाइट जो दिल्ली से मुंबई जा रही थी, इसमें ईंधन की कमी हो गई थी, जिसके चलते इसे रात 8:44 बजे लखनऊ उतारा गया और रीफ्यूलिंग के बाद रवाना किया गया। अकासा एयर (QP 1407) की फ्लाइट, जो हैदराबाद से दिल्ली जा रही थी, इसकी भी लखनऊ में सेफ लैंडिंग कराई गई। राजकोट/हिसार से दिल्ली जा रही इंडिगो (6E 6984) की फ्लाइट को डायवर्ट करना पड़ा। मुंबई से दिल्ली जा रही एयर इंडिया (AI 2910) की फ्लाइट के यात्रियों को भी लखनऊ में लंबा इंतजार करना पड़ा।

विमान के भीतर मेडिकल इमरजेंसी

इस पूरे संकट के बीच सबसे अधिक तनावपूर्ण स्थिति बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (AI2418) में देखने को मिली। जब विमान दिल्ली में मौसम खराब होने के कारण हवा में चक्कर काट रहा था, तभी उसमें सवार एक 80 वर्षीय बुजुर्ग यात्री ने अचानक चालक दल को सूचना दी कि उन्हें हार्ट अटैक आया है। यह सुनते ही विमान के भीतर अफरा-तफरी मच गई। पायलट ने तुरंत लखनऊ ATC से संपर्क कर मेडिकल इमरजेंसी की बात कही, जिसके बाद विमान को रात 9:13 बजे रनवे-09 पर प्राथमिकता के आधार पर लैंड कराया गया।

विमान के लैंड होते ही पहले से तैयार डॉक्टरों की विशेष मेडिकल टीम विमान के भीतर दाखिल हुई। जब डॉक्टरों ने बुजुर्ग यात्री की गहन चिकित्सकीय जांच की, तो यात्री की हालत बिल्कुल स्थिर थी। इसके बाद बुजुर्ग यात्री को स्थिर हालत में नीचे उतारा गया और इस फ्लाइट से कुल 8 यात्रियों को लखनऊ में ही ऑफलोड कर दिया गया।

अलर्ट मोड पर रहा अमौसी एयरपोर्ट स्टाफ

एक साथ सात विमानों के अचानक लखनऊ डायवर्ट होने के कारण अमौसी एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC), ग्राउंड स्टाफ और मेडिकल टीमों को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया था। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, सभी उड़ानों की लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित तरीके से संपन्न हुई और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई, जिससे स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article