Jamnagar News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और उनकी पत्नी, हाल ही में अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के विशेष अतिथि बनकर जामनगर स्थित रिलायंस ग्रीन्स पहुंचे। यह दौरा न केवल एक निजी मुलाकात था, बल्कि इसका उद्देश्य ट्रंप जूनियर को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से अवगत कराना भी था। रिलायंस ग्रीन्स पहुंचने पर, विदेशी मेहमानों को सीधे मंदिर ले जाया गया। वहां, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और उनकी पत्नी ने गणपति बप्पा की मूर्ति पर श्रद्धापूर्वक फूल अर्पित किए। इसके बाद, उन्होंने अनंत अंबानी के साथ मिलकर गणपति बप्पा के चरण स्पर्श भी किए। धार्मिक अनुष्ठान पूरा करने के बाद, रात में वे अंबानी परिवार के मेहमान बन कर रहने वाले हैं और अगले दिन रिलायंस के वनतारा परिसर विजिट करेंगे।
गरबे की धुन पर झूमे ट्रंप जूनियर
अंबानी परिवार ने मेहमान नवाजी के साथ ही डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और उनकी पत्नी को भारतीय संस्कृति के जीवंत रंग दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मेहमानों को गरबे के रास से दिखाने के लिए एक विशेष गरबा मंडली का आयोजन किया गया। गरबे की एनर्जी और ताल किसी को भी थिरकने पर मजबूर कर सकती है और यह बात उस समय सच साबित हुई जब अनंत अंबानी ने जूनियर ट्रंप को गरबे की धुन पर नचाया। अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट ने भी इस दौरान गरबा किया, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और उनकी पत्नी ने उनका साथ दिया। ट्रंप जूनियर के साथ आए कई अन्य विदेशी मेहमान भी गरबे के रंग में रंगे नजर आए।
अंबानी परिवार मेहमान नवाजी का अविस्मरणीय अनुभव
अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट ने अपने मेहमानों को गणपति बप्पा के दर्शन कराकर और उन्हें गरबे की धुन पर नचाकर उन्हें एक अविस्मरणीय (Memorable)अनुभव प्रदान किया है। ट्रंप जूनियर और उनकी पत्नी का यह दौरा निश्चित रूप से राजनीतिक और व्यापारिक गलियारों से परे, सांस्कृतिक आदान-प्रदान के तौर पर चर्चा का विषय बन गया है।
