वैसे तो कुत्ते की वफादारी के किस्से आपने सुने ही होंगे, जहां इंसान और कुत्ते के रिश्ते की गहराई अक्सर उजागर होती है। एक ऐसी ही घटना गुजरात के मोरबी जिले के टंकारा के मिताना गांव में हुई है, जहां पर एक वफादार कुत्ते ने अपने मालिक को हमलावरों के जानलेवा वार से बचाया है और अपनी बहादुरी का उदाहरण पेश किया है। जानकारी के अनुसार मोरबी जिले के मिताना गांव में रहने वाले एक युवक पर 12 अप्रैल की रात को तीन अनजान हमलावरों ने हमला किया। युवक अपने खेत में बने घर के बाहर सो रहा था, जब हमलावर दीवार फांदकर अचानक हमला करने के लिए आए। तीनों हमलावरों ने युवक पर जानलेवा वार किया, लेकिन युवक ने निडरता और बुद्धिमानी से काम लिया। उसने गेट के पास बंधे अपने पालतू कुत्ते को खोल दिया। कुत्ते ने हमलावरों का डटकर सामना किया और उन्हें भागने पर मजबूर कर दिया।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पुलिस ने इस घटना की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक का नाम अमितभाई थेबा है जो मोरबी जिले के टंकारा के मिताना गांव का निवासी है। युवक जब 12 अप्रैल की रात को अपने खेत में बने घर के बाहर सो रहा था तभी दीवार फांदकर आए तीन हमलावरों ने उसपर जानलेवा हमला किया। गंभीर चोटों के बावजूद, युवक ने अपने पालतू कुत्ते को मुक्त किया, जिसने हमलावरों का पीछा किया और उन्हें दौड़ाकर भगा दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
गुजरात के मोरबी में घटित इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ये वीडियो सीसीटीवी से लिया गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे युवक के पालतू कुत्ते ने उसकी जान बचाई और वफादारी की मिसाल कायम की। जहां भारत के अन्य शहरों में कुत्तों के काटने की खबर सनसनी मचा रही हैं, वहीं मोरबी जिले के मिताना गांव में एक कुत्ता अपने मालिक की जान बचाने के लिए रक्षक बनकर उभरा है।
