परिसीमन विधेयक राष्ट्रविरोधी, अगर यह पारित हुआ तो देश में अराजकता फैल जाएगी: हर्षवर्धन सपकाल

Delimitation Row: महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष ने परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इससे हिंदी भाषी राज्यों का राजनीतिक वर्चस्व बढ़ेगा, जबकि महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों का प्रतिनिधित्व कमजोर हो सकता है।

Delimitation Row: परिसीमन बिल की तैयारी देखकर बौखलाई कांग्रेस के महाराष्ट्र अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की और इस दौरान महाराष्ट्र कांग्रेस ने कई गंभीर आरोप लगाए। सपकाल ने कहा कि 'भारतीय जनता पार्टी द्वारा लाया गया परिसीमन विधेयक राष्ट्रविरोधी और लोकतंत्र का मजाक उड़ाने वाला है। यदि यह विधेयक पारित हुआ तो देश में क्षेत्रीय असंतुलन पैदा होगा और अराजकता फैल सकती है, लेकिन भाजपा यही चाहती है। अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए देशहित और लोकतांत्रिक मूल्यों को ताक पर रखकर इस विधेयक को पारित कराने की साजिश रची जा रही है। कांग्रेस का परिसीमन विधेयक को शुरू से ही विरोध रहा है और INDIA गठबंधन के घटक दल भी इसका विरोध कर रहे हैं।'

Harshwardhan Sapkal

कांग्रेस के महाराष्ट्र अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल

तिलक भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने आगे कहा कि परिसीमन विधेयक पारित कराने के बाद जाति और धर्म के आधार पर निर्वाचन क्षेत्र बनाए जाएं, जातीय और भाषाई दंगे भड़काए जाएं और चुनाव जीते जाएं, भाजपा की यही कुटिल मंशा है। यह विधेयक देश और महाराष्ट्र के हितों के खिलाफ है। भाजपा महाराष्ट्र को हिंदी पट्टी के राज्यों जैसा बनाने का प्रयास कर रही है। राज्य में लोकसभा की वर्तमान 48 सीटें विधेयक पारित होने के बाद बढ़कर 72 हो सकती हैं, लेकिन हिंदी पट्टी के राज्यों में सीटों की संख्या इससे भी अधिक होगी। भले ही सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि हो, लेकिन राज्यों के बीच अनुपात का अंतर बना रहेगा। इससे हिंदी पट्टी के राज्यों का वर्चस्व बढ़ेगा और अन्य राज्यों का प्रतिनिधित्व कमजोर होगा। महिलाओं के लिए वर्तमान सीटों में से ही 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाना चाहिए और महिला आरक्षण विधेयक को 2029 से पहले लागू किया जाना चाहिए। कांग्रेस की जो भूमिका है, वही INDIA गठबंधन की भी भूमिका है। पिछली बार जब परिसीमन विधेयक लाया गया था, तब INDIA गठबंधन के सभी घटक दलों ने इसका विरोध किया था और इस बार भी वे इसका विरोध करेंगे, ऐसी अपेक्षा है।

सपकाल ने आगे कहा कि परिसीमन विधेयक के समर्थन में देशभर में माहौल बनाया जा रहा है और एक विशेष नैरेटिव फैलाया जा रहा है। इस विधेयक को पारित कराने के लिए भाजपा किसी भी हद तक जा रही है। दबाव की राजनीति की जा रही है, राजनीतिक दलों को तोड़ा जा रहा है और करोड़ों रुपये के प्रलोभन दिए जा रहे हैं। देशभर में 'पैसा फेंको, तमाशा देखो' का खेल चल रहा है। लेकिन केवल विधायकों और सांसदों की संख्या बढ़ाने से क्या हासिल होगा? 140 करोड़ देशवासियों के मालिक स्वयं 140 करोड़ नागरिक हैं। इस विधेयक से आम जनता को क्या मिलने वाला है? केवल पांच हजार विधायक और सांसद पूरे देश का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकते। इसके बजाय सत्ता का विकेंद्रीकरण होना चाहिए। स्थानीय स्वराज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों के अधिकार बढ़ाए जाने चाहिए और इन संस्थाओं को मजबूत किया जाना चाहिए।

शरद पवार को लेकर क्या बोले सपकाल

शरद पवार की पार्टी NCP (SP) के बारे में पूछे गए सवाल पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि INDIA गठबंधन के सहयोगी दल NCP (SP) द्वारा इस विधेयक का समर्थन किए जाने की खबरें सामने आ रही हैं। शरद पवार का अब तक का राजनीतिक सफर छत्रपति शिवाजी महाराज, राजर्षि शाहू महाराज, महात्मा ज्योतिबा फुले और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों से प्रेरित रहा है। वे भाजपा की कुटिल चाल में नहीं फंसेंगे। हमें उम्मीद है कि शरद पवार और उनकी पार्टी परिसीमन विधेयक का समर्थन नहीं करेंगे, बल्कि इसके विरोध में मतदान करेंगे।

End Article
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में का...

End of Feed