Delhi Fire News: दिल्ली के मालवीय नगर में स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राजधानी में अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने होटल, नर्सिंग होम, कोचिंग संस्थान, रेस्तरां और अन्य संवेदनशील व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान फायर सेफ्टी नियमों के पालन, फायर एनओसी और आपातकालीन व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। यह अभियान गुरुवार से शुरू होकर एक महीने तक जारी रहेगा।
होटल, नर्सिंग होम और कोचिंग सेंटरों की होगी सख्त जांच
अधिकारियों ने बताया कि संधू ने संबंधित विभागों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि अग्नि सुरक्षा मानदंडों के सख्त अनुपालन की जांच के लिए चार जून से अभियान शुरू किया जाए। एक अधिकारी ने बताया, "सभी होटल, लॉज, सराय, नर्सिंग होम, कोचिंग संस्थान, रेस्तरां और अन्य संवेदनशील व्यावसायिक प्रतिष्ठान इसके दायरे में आएंगे। होटल, लॉज और सराय में निर्धारित सीमा से अधिक कमरों को बंद कर दिया जाएगा।" उन्होंने बताया कि बैठक में, भूमि स्वामित्व वाली एजेंसियों, दिल्ली अग्निशमन सेवा और दिल्ली पुलिस को सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया गया, ताकि उन बाधाओं और अवरोधों की पहचान की जा सके जो अग्निशमन दल को किसी कॉलोनी आदि के किसी भी क्षेत्र तक पहुंचने से रोकते हैं।
फायर NOC और सुरक्षा मानकों की होगी जांच
अधिकारी ने बताया, जहां तक संभव हो, चिह्नित अवरोधों को साफ किया जाना चाहिए और अन्य स्थानों पर आग बुझाने की वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए।’’ दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर की एक भीड़भाड़ वाली गली में कथित तौर पर बिना अग्नि अनापत्ति प्रमाणपत्र के संचालित हो रहे ’फ्लरिश स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट (बी एंड बी) होटल’ में आग लग गई, जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 11 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
(इनपुट - भाषा)
