Delhi Travel Advisory: दिल्ली में शुक्रवार शाम को मौसम के बिगड़े मिजाज ने हवाई यातायात की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। खराब विजुअलिटी और मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए इंडिगो (IndiGo) और एयर इंडिया (Air India) जैसी प्रमुख एयरलाइंस ने अपनी उड़ानों के लिए 'ट्रैवल एडवाइजरी' जारी की। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) से उड़ान भरने वाले और यहां उतरने वाले यात्री आज बड़ी देरी और शेड्यूलिंग में बदलाव का सामना कर रहे हैं।
इंडिगो और एयर इंडिया की कई उड़ानें प्रभावित (सांकेतिक चित्र)
विमान सेवाओं पर मौसम का असर
राष्ट्रीय राजधानी के ऊपर छाए खराब मौसम के कारण विमान कंपनियों को उड़ानों के समय में बदलाव करने पर मजबूर होना पड़ा है। इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिकूल मौसम के कारण उनके फ्लाइट ऑपरेशंस प्रभावित हुए हैं। एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जरूर चेक कर लें। इंडिगो ने यह भी साफ किया कि वे स्थिति पर पैनी नजर रख रहे हैं ताकि यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम से कम किया जा सके।
एयर इंडिया ने भी जारी की एडवाइजरी
इंडिगो के साथ-साथ एयर इंडिया ने भी दिल्ली में खराब मौसम को लेकर यात्रियों को सचेत किया है। एयर इंडिया की ग्राउंड टीम स्थिति की निगरानी कर रही है और यात्रियों के गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। एयरलाइन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपने उड़ानों की ताजा स्थिति एयर इंडिया के वेबसाइट से चेक कर लें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें, क्योंकि खराब मौसम के चलते सड़कों पर भी यातायात धीमा हो सकता है।
यात्रियों के लिए जरूरी निर्देश
दोनों ही प्रमुख एयरलाइंस ने सुरक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। यात्रियों को कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी है। यात्रियों को सलाह है कि एयरपोर्ट पहुंचने से पहले संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या ऐप पर अपनी उड़ान की ताजा स्थिति जांचें। सड़कों पर जलभराव या खराब विजुअलिटी के कारण जाम लग सकता है, इसलिए अतिरिक्त समय लेकर चलें। एयरलाइंस ने यात्रियों से सहयोग और समझदारी की अपील की है, क्योंकि स्थितियां सामान्य होने पर ही परिचालन फिर से सुचारू हो पाएगा।
