दिल्ली में आज का मौसम (18 Apr 2026): राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को कुदरत के दो अलग चेहरे देखने को मिले। जहां दिन भर भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल किया, वहीं शाम होते-होते अचानक हुई तेज आंधी-बारिश और गरज-चमक ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। इस अप्रत्याशित बदलाव से दिल्ली के कई इलाकों में पारा 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जिससे चिलचिलाती धूप से जूझ रहे दिल्लीवासियों को बड़ी राहत मिली।
गर्मी का रिकॉर्ड और फिर शाम की राहत (Delhi IMD Forecast)
शुक्रवार को सफदरजंग वेधशाला में इस साल का अब तक का सबसे अधिक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी का आलम यह था कि पालम और रिज जैसे क्षेत्रों में पारा 40 डिग्री के पार रहा। हालांकि, शाम को पश्चिमी राजस्थान और पाकिस्तान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के चलते दिल्ली-NCR में घने बादल छा गए। इसके बाद IMD ने पूरे शहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया, जिसे बाद में तात्कालिक रूप से बढ़ा कर ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया। देर शाम तक शहर के कई इलाकों में 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के साथ मध्यम बारिश होती रही।
तापमान में बड़ी गिरावट (Delhi Temperature Today)
बारिश और तेज हवाओं का सबसे ज्यादा असर नारायणा और जाफरपुर जैसे इलाकों में दिखा। IMD के आंकड़ों के मुताबिक, नारायणा में तापमान 10.1 डिग्री गिरकर 20 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि जाफरपुर में 8.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। लोधी रोड और मयूर विहार जैसे क्षेत्रों में भी मध्यम वर्षा के कारण लोगों ने ठंडी हवाओं का आनंद लिया।
आज फिर लौट सकती है तीखी धूप (Delhi Weather Today)
राहत की यह खबर आज यानी 18 अप्रैल को थोड़ी फीकी पड़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा, लेकिन बारिश की संभावना न के बराबर है। अधिकतम तापमान एक बार फिर 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। दोपहर के समय सूरज की तीखी किरणें और नमी का स्तर (करीब 75%) मिलकर उमस भरी गर्मी पैदा कर सकते हैं, जिससे हीट इंडेक्स बढ़ने की आशंका है।
आगामी दिनों का हाल और जरूरी सावधानी (Delhi Weather in Hindi)
मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि 19 से 23 अप्रैल के बीच दिल्ली में गर्मी का प्रकोप और तेज होगा। पारा 40-41 डिग्री के आसपास स्थिर रहेगा और फिलहाल किसी बड़े विक्षोभ (Disturbance) के संकेत नहीं हैं। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। डिहाइड्रेशन से बचने के लिए लगातार पानी, ओआरएस या ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करें और हल्के सूती कपड़े पहनें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
