शहर

DU की असिस्टेंट प्रोफेसर की बेरहमी से हत्या; फ्लैट में खून से लथपथ मिला शव, बाहर से बंद था ताला

दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम अपार्टमेंट में गुरुवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. देबोस्मिता पॉल का शव खून से लथपथ मिला। फ्लैट बाहर से बंद था और सिर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने BNS के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

बंद फ्लैट में खून से लथपथ मिला शव (सांकेतिक चित्र | iStock)

Photo : iStock

Delhi Crime News: दिल्ली के पूर्वी जिले के अंतर्गत आने वाले वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम एन्क्लेव में गुरुवार दोपहर दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज की एक महिला असिस्टेंट प्रोफेसर की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 49 वर्षीय डॉ. देबोस्मिता पॉल के रूप में हुई है, जो कॉलेज के अंग्रेजी विभाग में कार्यरत थीं। देबोस्मिता इस फ्लैट में अकेली रहती थीं।

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक घटना का खुलासा गुरुवार दोपहर लगभग ढाई बजे तब हुआ, जब न्यू अशोक नगर थाना पुलिस को PCR के जरिए एक महिला ने फोन कर अपनी बहन की हत्या होने की सूचना दी।

सुबह से नहीं उठ रहा था फोन, ताला तोड़ा तो मिली लाश

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता की पहचान मृतका की बड़ी बहन देवारति पॉल के रूप में हुई है। देवारति ने बताया कि उनकी बहन देवोस्मिता सुबह से उनका कोई भी फोन कॉल रिसीव नहीं कर रही थीं। कई बार संपर्क करने की कोशिश के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। दोपहर के समय वह न्यू अशोक नगर थाने भी गईं और पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद जब वह सत्यम एनक्लेव पर पहुंचीं, तो मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। देवारति ने सोसाइटी के लोगों की मदद से किसी तरह फ्लैट का ताला तोड़ा और जैसे ही अंदर गई, उसने देखा कि फर्श पर देबोस्मिता पॉल का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था।

पति से अलग रह रही थीं प्रोफेसर

शुरुआती पुलिसिया जांच में सामने आया है कि देबोस्मिता की हत्या उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से जोरदार वार करके की गई है। पुलिस ने बताया कि देबोस्मिता की शादी साल 2017 में हुई थी, लेकिन घरेलू विवाद के चलते वर्ष 2022 से वह अपने पति से अलग रह रही थीं। उनका पति बेंगलुरु में रहता है, जबकि वह यहां वसुंधरा एन्क्लेव में अपनी बहन के फ्लैट में अकेली रह रही थीं।

सीसीटीवी और कॉल डिटेल्स खंगाल रही पुलिस

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए न्यू अशोक नगर थाना पुलिस के साथ-साथ जिला क्राइम टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य और उंगलियों के निशान एकत्र किए हैं। इसके साथ ही पूरे क्राइम सीन की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई है।

पुलिस को मजबूत आशंका है कि इस हत्याकांड में किसी परिचित व्यक्ति का हाथ हो सकता है, जिसे फ्लैट में आसानी से एंट्री मिल गई। पुलिस इस समय देवोस्मिता के मोबाइल की कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड (CDR) निकाल रही है और सोसाइटी परिसर व आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगालने में जुटी है।

पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री (LBS) अस्पताल के मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक समय और कारणों का और अधिक स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article