Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में इंदिरा गांधी स्टेडियम के आसपास आज शाम यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। जिसके तहत गुरुवार को शाम 4 बजे से 6 बजे तक कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी। कई जगहों पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट भी किया जा सकता है।
इंदिरा गांधी स्टेडियम के आसपास आज शाम रहेंगे प्रतिबंध (सांकेतिक फोटो)
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से बुधवार को जारी एडवाइजरी के मुताबिक, शाम 4 बजे से सेक्रेटेरिएट रोड और वेलोड्रोम रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू (JLN) मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग (रिंग रोड), आईपी मार्ग और विकास मार्ग पर भी यातायात की स्थिति के अनुसार वाहनों को नियंत्रित या डायवर्ट किया जा सकता है।
इन रास्तों पर भी रहेगा ट्रैफिक का असर
एडवाइजरी के मुताबिक, शांति वन क्रॉसिंग से भैरों मार्ग क्रॉसिंग के बीच रिंग रोड के हिस्से पर भी ट्रैफिक पर प्रतिबंध लगने की संभावना है। इसके अलावा गीता कॉलोनी फ्लाईओवर अंडरपास से आईपी फ्लाईओवर की ओर जाने वाले सलिमगढ़ बाईपास और डब्ल्यू-पॉइंट से दिल्ली गेट तक के रास्ते पर भी यातायात प्रभावित हो सकता है। बहादुर शाह जफर मार्ग, दिल्ली गेट से राजघाट के बीच जेएलएन मार्ग, राजघाट से किशन घाट की ओर जाने वाली पावर हाउस रोड और आईटीओ से यमुना ब्रिज की ओर आईपी मार्ग तथा विकास मार्ग पर भी ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है।
इन सड़कों पर पार्किंग की अनुमति नहीं
ट्रैफिक पुलिस ने सेक्रेटेरिएट रोड, वेलोड्रोम रोड, आईपी मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, विकास मार्ग, जेएलएन मार्ग, रिंग रोड, सलिमगढ़ बाईपास और पावर हाउस रोड पर पार्किंग को प्रतिबंधित किया है। पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। साथ ही ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। जिन लोगों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाना है उन्हें अपने सफर के लिए घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
