शहर

Delhi Traffic News : कहां लगा जाम, कितनी लंबी कतार... दिल्ली के जाम पर आसमान से रहेगी नजर; ट्रैफिक पुलिस ने उतारे ड्रोन

Delhi Traffic Drone Surveillance : दिल्ली में ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ड्रोन से प्रमुख सड़कों, चौराहों और इंटर-स्टेट बॉर्डर की निगरानी कर रही है। लाइव तस्वीरों के जरिए जाम की स्थिति का पता लगाकर पुलिस समय रहते ट्रैफिक डायवर्जन और अन्य जरूरी कदम उठा सकेगी।

Image

ड्रोन से अब दिल्ली की ट्रैफिक पर आसमान से नजर

Delhi Traffic Drone Surveillance : दिल्ली में ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए अब दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ड्रोन की मदद ले रही है। ड्रोन के जरिए सड़कों और चौराहों पर ऊपर से ट्रैफिक की लाइव तस्वीर ली जा रही है। इससे पुलिस को पता चल सकेगा कि कहां जाम बढ़ रहा है और किस जगह वाहनों की रफ्तार धीमी हो रही है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, प्रमुख चौराहों, बड़ी सड़कों और जाम वाले रास्तों पर ड्रोन से निगरानी की जा रही है। इससे जाम की स्थिति बनने से पहले ही पुलिस को अलर्ट मिल सकेगा और मौके पर तुरंत जरूरी कदम उठाए जा सकेंगे।

बॉर्डर पर भी ड्रोन की नजर

दिल्ली के इंटर-स्टेट बॉर्डर और उन जगहों पर भी खास नजर रखी जा रही है, जहां अक्सर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। ड्रोन से यह पता लगाया जा रहा है कि वाहनों की कतार कितनी लंबी है और जाम किस जगह से शुरू हो रहा है। इसके आधार पर जमीन पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी वाहनों को निकालने और जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्ट करने की रणनीति बना सकेंगे।

रेलवे स्टेशन और ISBT भी निगरानी में

आईएसबीटी, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और दूसरे प्रमुख रेलवे स्टेशनों के आसपास भी ड्रोन से ट्रैफिक पर नजर रखी जा रही है। इन इलाकों में यात्रियों और वाहनों की आवाजाही ज्यादा होने के कारण अक्सर ट्रैफिक दबाव बढ़ जाता है। ड्रोन से मिलने वाली लाइव जानकारी के आधार पर ट्रैफिक को व्यवस्थित करने और पुलिस टीमों के बीच बेहतर तालमेल में मदद मिलेगी।

बड़े कार्यक्रमों, जुलूसों और दूसरे आयोजनों से पहले और उनके दौरान भी ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे पुलिस पहले ही अंदाजा लगा सकेगी कि किस रास्ते पर कितना ट्रैफिक बढ़ सकता है और कहां डायवर्जन या अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की जरूरत होगी।

ड्रोन से मिलने वाले इनपुट के आधार पर ट्रैफिक सिग्नल की टाइमिंग में बदलाव, पुलिसकर्मियों की तैनाती और जाम वाले इलाकों से ट्रैफिक निकालने की व्यवस्था को भी बेहतर किया जा सकेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि तकनीक की मदद से राजधानी में ट्रैफिक मैनेजमेंट को और तेज और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने, लेन अनुशासन बनाए रखने और सड़क पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article