Delhi Traffic News: दिल्ली में रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सिर्फ दो दिनों में 1170 वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज किया। वहीं 1179 गाड़ियों को जब्त किया गया और 12,568 चालान काटे गए। इस कार्रवाई से ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को कड़ा संदेश दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार राजधानी में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इसी तरह के स्पेशल अभियान जारी रहेंगे।
रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वालों पर सख्त हुई दिल्ली पुलिस
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर चला स्पेशल अभियान
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 22 और 23 मई को राजधानी के प्रमुख चौराहों, हाईवे, कट प्वाइंट, गोल चक्करों और दुर्घटना संभावित इलाकों में स्पेशल अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार, रॉन्ग साइड ड्राइविंग करना अब लोगों की आदत बन चुकी है, खासतौर पर वे चालक जो कुछ दूरी बचाने के लिए ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हैं। बाद में यही लापरवाही सड़क हादसों और जाम का बड़ा कारण बन रही है।
बाइक, ई-रिक्शा और कैब चालकों पर बड़ी कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस ने इस अभियान के दौरान सबसे ज्यादा बाइक चालकों को पकड़ा। जिसके बाद ई-रिक्शा चालक और मालवाहक टेंपो चालक दूसरे नंबर पर रहे। इसके अलावा निजी कार और कैब ड्राइवर पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग के लिए कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि रॉन्ग साइड ड्राइविंग केवल ट्रैफिक नियम तोड़ना नहीं, बल्कि लोगों की जान जोखिम में डालने जैसा गंभीर अपराध है। इससे गाड़ियों की टक्कर और गंभीर हादसों की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। पुलिस ने साफ कहा है कि अब ऐसे मामलों में केवल चालान ही नहीं, बल्कि आपराधिक केस दर्ज करने और वाहन जब्त करने जैसी कड़ी कार्रवाई भी जारी रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो भी रॉन्ग साइड ड्राइविंग करते हुए पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ बिना किसी नरमी के कानूनी कार्रवाई होगी।
