शहर

इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली 2026 का कर्टेन रेज़र, राजधानी में 25–31 मार्च तक 'सिनेमाई महाकुंभ'

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर को दिल्ली के सांस्कृतिक इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह फिल्म फेस्टिवल दिल्ली को वैश्विक सांस्कृतिक और सिनेमाई मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।

Image

राजधानी दिल्ली अगले महीने विश्व सिनेमा के सबसे बड़े रंगमंच में तब्दील होने जा रही है

राजधानी दिल्ली अगले महीने विश्व सिनेमा के सबसे बड़े रंगमंच में तब्दील होने जा रही है। पहली बार आयोजित होने वाले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) 2026 का कर्टेन रेज़र बुधवार यानी 25 फरवरी को रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय में किया। इस मौके पर दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर को दिल्ली के सांस्कृतिक इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह फिल्म फेस्टिवल दिल्ली को वैश्विक सांस्कृतिक और सिनेमाई मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।

25 से 31 मार्च तक विश्व सिनेमा का उत्सव

मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 से 31 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाला यह सिटी-वाइड फिल्म फेस्टिवल भारत मंडपम सहित राजधानी के कई प्रतिष्ठित स्थलों पर होगा। इस दौरान दिल्ली कला, संस्कृति और सिनेमा का वैश्विक केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल फिल्मों का आयोजन नहीं, बल्कि दिल्ली की रचनात्मक शक्ति, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सोच का उत्सव है, जिसमें हर दिल्लीवासी की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

125 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन, सितारों की चमक

आईएफएफडी 2026 में 125 से अधिक भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही गाला प्रीमियर, विशेष स्क्रीनिंग, मास्टरक्लास, इंडस्ट्री संवाद, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस महोत्सव को भव्य स्वरूप देंगी।डिजिटल और उभरते सिनेमा पर विशेष फोकस रहेगा, जहां नई तकनीक और नवाचार को मंच मिलेगा।

दिल्ली बनेगी शूटिंग और फिल्म पर्यटन का हब

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार की फिल्म नीति के तहत सिंगल-विंडो सुविधा, प्रोडक्शन सपोर्ट और उद्योग सहयोग के माध्यम से दिल्ली को शूटिंग के लिए एक आकर्षक डेस्टिनेशन बनाया जा रहा है। आईएफएफडी के ज़रिए दिल्ली को भारत की सिनेमाई राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है, जिससे फिल्म पर्यटन, एवीजीसी सेक्टर, रचनात्मक उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

युवा प्रतिभाओं को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली तेजी से क्रिएटिव कैपिटल के रूप में उभर रही है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव युवा फिल्मकारों और तकनीकी प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच देगा, साथ ही सिनेमा के बदलते स्वरूप, नई तकनीक और नवाचार पर सार्थक संवाद को बढ़ावा देगा।

ये होंगे फेस्टिवल के मुख्य आकर्षण-

भव्य गाला प्रीमियर और सितारों से सजी विशेष स्क्रीनिंग

CineXchange फिल्म मार्केट और Cineverse एक्सपो

प्रतिष्ठित फिल्मकारों की मास्टरक्लास और इंडस्ट्री पैनल

सांस्कृतिक संध्याएं और लाइव परफॉर्मेंस

सार्वजनिक स्थलों पर वर्ल्ड सिनेमा की स्क्रीनिंग

दिल्ली का अपना उत्सव

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली 2026 राजधानी के सांस्कृतिक परिदृश्य को नई दिशा देगा। यह महोत्सव दिल्ली के लोगों का अपना उत्सव होगा, जो कला, संस्कृति और उद्योग के बीच एक मजबूत सेतु बनेगा और दिल्ली को विश्व पटल पर सिनेमा की नई पहचान दिलाएगा।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article