दिल्ली के रोहिणी इलाके में भारतीय वायुसेना (IAF) के एक अधिकारी के घर दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है। दो अज्ञात चोर कथित तौर पर घर का ताला काटकर अंदर घुसे और सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 35 से 40 लाख रुपये बताई गई है। चोरों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दिल्ली के रोहिणी में IAF अफसर के घर दिनदहाड़े 40 लाख की चोरी। AI IMAGE
स्कूटर से पहुंचे दो चोर, ताला काटकर घर में घुसे
पुलिस के मुताबिक, चोरी की यह घटना 7 अक्टूबर को दोपहर के समय उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-24 स्थित पॉकेट-14 में हुई। यह इलाका बेगमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। वायुसेना में वारंट ऑफिसर के पद पर तैनात शमु शिदे ने बताया कि वह करीब दो महीने पहले ही इस मकान में रहने आए थे। फिलहाल उनकी पोस्टिंग राजस्थान के जयपुर में है।
अधिकारी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध स्कूटर से आते दिखाई दिए। फुटेज के अनुसार, दोनों दोपहर करीब 12:06 बजे परिसर में दाखिल हुए। पहले वे नीचे खड़े होकर आपस में बातचीत करते रहे, फिर उनमें से एक घर की ओर बढ़ा।
घर का दरवाजा बंद मिलने पर आरोपियों ने कथित तौर पर एक औजार की मदद से ताला काटा और अंदर घुस गए। इसके बाद वे ऊपर पहुंचे और अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने निकाल लिए। सामान की तलाशी के दौरान उन्होंने कपड़े भी बाहर फेंक दिए। दोनों संदिग्धों को करीब दोपहर 2:12 बजे घर से निकलते हुए देखा गया।
मास्क और हेलमेट से छिपाया चेहरा, पुलिस ने बनाई टीमें
शिकायतकर्ता के अनुसार, दोनों संदिग्धों ने काले मास्क और हेलमेट पहन रखे थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। CCTV फुटेज में एक संदिग्ध हेलमेट उतारता दिखाई दिया, लेकिन उसका चेहरा स्पष्ट नजर नहीं आया। वारदात के समय अधिकारी की दोनों बेटियां घर से बाहर थीं, जबकि उनकी पत्नी पास के इलाके में कपड़े सिलवाने गई थीं। इसी दौरान आरोपियों ने घर को निशाना बनाया।
चोरी हुए सोने और चांदी के गहनों की अनुमानित कीमत 35 से 40 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा, करीब 2,000 से 4,000 रुपये नकद भी चोरी होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने अधिकारी की शिकायत पर 7 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की थी। मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं, जो सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों का पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल, संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
