Delhi Air Pollution: दिल्ली में एक बार फिर हवा दम घोंटू हो गई है। शनिवार सुबह राजधानी की एयर क्वालिटी में तेजी से गिरावट देखी गई। सुबह के समय घना कोहरा और स्मॉग की परत छाई रही। जिससे विजिबिलिटी में भी गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार आज सुबह 8 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 393 दर्ज किया गया, जिसे बेहद खराब श्रेणी में माना जाता है। इस दौरान कई इलाकों का एक्यूआई 400 पार भी दर्ज हुआ।
कोहरे और स्मॉग की चादर में लिपटी दिल्ली (PTI)
दिल्ली में सबसे अधिक प्रदूषण इलाका
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, आज सुबह दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 436 दर्ज किया गया। यह इलाका सुबह जहरीले धुएं की मोटी चादर से ढका नजर आया। इसके अलावा कई अन्य निगरानी केंद्रों में भी 400 के पार एक्यूआई दर्ज किया या। अशोक विहार में 435, आईटीओ में 425, डीटीयू में 426 और नेहरू नगर में 427 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी एयर क्वालिटी में भारी गिरावट देखी गई।
दिल्लीवासियों को जहरीली हवा से राहत नहीं
दिल्ली में फिलहाल जहरीली हवा से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को भी एयर क्वालिटी बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की जा सकती है। जिसके चलते सांस के मरीजों को परेशानी हो सकती है। इसके अलावा लोगों को आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली में प्रदूषण की समस्या को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CQAM) ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों से होने वाले एयर पॉल्यूशन को कम करने के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया है।
दिल्ली में बीते 24 घंटे कितना रहा AQI
दिल्ली में बीते कुछ दिन हवा की रफ्तार बढ़ने से हवा की गुणवत्ता में मामूली सुधार देखने को मिला था। इस दौरान दिल्ली का एक्यूआई खराब श्रेणी में पहुंच गया था। हालांकि कई इलाकों में तब भी एयर क्वालिटी बेहद खराब दर्ज हुई थी। लेकिन अब फिर से राजधानी के कई इलाकों में एक्यूआई बढ़कर 400 पार पहुंच गया है। शुक्रवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 349 दर्ज हुआ। सुबह के समय घना कोहरा और जहरीले धुएं की परत भी छाई रही, जिससे विजिबिलिटी बुरी तरह प्रभावित हुई।
