Gaur City U Turn Construction: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक को सुचारु करने के उद्देश्य से गौर सिटी-वन और टू के बीच स्थित सड़क पर जल्द यूटर्न का निर्माण किया जाएगा। इस यूटर्न के बन जाने से आसपास की 20 से अधिक सोसाइटी में रहने वाले करीब डेढ़ लाख निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही वाहनों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए इस मार्ग के सर्विस रोड को चौड़ा करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार सर्विस रोड की चौड़ाई बढ़ाकर पांच मीटर की जाएगी, जिससे दो वाहन एक साथ आसानी से निकल सकेंगे। फिलहाल यह मार्ग करीब साढ़े तीन मीटर चौड़ा है और गौर सिटी-वन व टू की 20 से अधिक सोसाइटी के निवासियों के साथ-साथ क्रॉसिंग रिपब्लिक, गाजियाबाद की ओर जाने वाले लोग भी इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। दिनभर, खासकर सुबह से देर रात तक भारी ट्रैफिक दबाव के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है।
सड़क चौड़ीकरण के साथ यूटर्न निर्माण का फैसला
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने सड़क चौड़ीकरण के साथ यूटर्न निर्माण का फैसला लिया है। करीब 600 मीटर लंबे इस मार्ग का विस्तार कार्य पूरा होते ही अगले सप्ताह यूटर्न बनाने का काम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा गौर चौक और तिगरी के बीच 60 मीटर चौड़ी सड़क पर भी एक नया यूटर्न प्रस्तावित है, जिसकी निविदा जारी की जा चुकी है। वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर कुमार के अनुसार, निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। खजूर चौक के पास तिगरी गोलचक्कर से पहले बनने वाला यह यूटर्न गौर सिटी-टू की ओर आवागमन को आसान बनाएगा और तिगरी गोलचक्कर पर लगने वाले ट्रैफिक जाम में भी कमी लाएगा।
पांच यूटर्न बनकर तैयार हो चुके
इन व्यवस्थाओं के लागू होने से राष्ट्रीय राजमार्ग-24 की ओर गाजियाबाद जाना और भी आसान हो जाएगा। ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अब तक पांच यूटर्न बनकर तैयार हो चुके हैं। इनमें गौर चौक से इटेड़ा गोलचक्कर के बीच दो, इटेड़ा और एकमूर्ति गोलचक्कर के बीच दो तथा एकमूर्ति से रोजा गोलचक्कर के बीच एक यूटर्न शामिल है। इसके अलावा क्षेत्र में चार यूटर्न पहले से ही संचालित हैं।
सेक्टर पाई-1 के पास नया यूटर्न
वहीं ग्रेटर नोएडा ईस्ट में 130 मीटर चौड़ी सड़क पर सेक्टर पाई-1 के पास भी एक नया यूटर्न बनाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, गौर सिटी-वन और टू के बीच भी यूटर्न का निर्माण प्रस्तावित है और इसके लिए सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि शहर में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए सड़कों को चौड़ा करने, नए यूटर्न बनाने और अन्य वैकल्पिक उपायों पर लगातार काम किया जा रहा है।
