Delhi News: दिल्ली पुलिस के ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड ने नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दिल्ली में सक्रिय एक ड्रग पेडलर और उसके उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से जुड़े दो मुख्य सप्लायर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 326.85 ग्राम व्यावसायिक मात्रा की स्मैक (हेरोइन) बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। इस ऑपरेशन को दिल्ली-एनसीआर में ड्रग सप्लाई नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।
दिल्ली पुलिस में इंटर-स्टेट ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़
12 फरवरी 2026 की आधी रात को एंटी-नारकोटिक्स टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि अमीन खान नाम का एक व्यक्ति एनएच-24 से नोएडा लिंक रोड होते हुए समयपुर गांव, पांडव नगर क्षेत्र में स्मैक की खेप पहुंचाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और आरोपी अमीन खान (24 वर्ष), निवासी गंगोला गांव, दातागंज, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 291 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इस बरामदगी के आधार पर पांडव नगर थाने में एफआईआर संख्या 41/26 दर्ज की गई है और आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/61/85 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस टीम ने अमीन को रिमांड पर लिया
पूछताछ के दौरान अमीन खान ने खुलासा किया कि वह स्मैक बदायूं निवासी राशिद (38 वर्ष) से खरीदता था और उसे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में छोटी-छोटी मात्रा में बेचता था। पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से पुलिस टीम ने अमीन को रिमांड पर लिया। इसके बाद 15 फरवरी 2026 की रात बदायूं में छापेमारी कर राशिद को गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की पूछताछ में राशिद ने बताया कि उसे स्मैक गांव नोनी, बदायूं निवासी बलबीर (34 वर्ष) से मिलती थी। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने बलबीर को भी हिरासत में लिया। उसकी तलाशी में 35.85 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
किन पर साधते थे निशाना?
पूछताछ के दौरान अमीन खान ने बताया कि साल 2023 में मेरठ में स्मैक की सप्लाई के एक मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। जेल से बाहर आने के बाद वह पिछले लगभग पांच महीनों से शाहदरा के गांधी नगर इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। इस दौरान वह खोड़ा चौक और शशि गार्डन जैसे क्षेत्रों में स्मैक के छोटे-छोटे पैकेट बेचता था। जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी बदायूं से दिल्ली-एनसीआर तक स्मैक की आपूर्ति करते थे। उनका उद्देश्य कम समय में अधिक पैसा कमाना था, जिसके लिए वे शहरों में नशे की लत से जूझ रहे लोगों को निशाना बनाते थे।
मामले की आगे की जांच जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमीन खान (24 वर्ष, अशिक्षित, अविवाहित), राशिद (38 वर्ष, 12वीं पास, विवाहित) और बलबीर (34 वर्ष) के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ड्रग तस्करों, सप्लायरों और कैरियर्स के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई इंस्पेक्टर अरुण कुमार के नेतृत्व और एडिशनल डीसीपी संजय सिंह के मार्गदर्शन में की गई। फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य स्रोतों व नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।
(इनपुट - आईएएनएस)
