शहर

'गुजरात की भाजपा सरकार का बजट हर वर्ग के साथ धोखा', अरविंद केजरीवाल बोले- बदलाव लाकर लेंगे बदला

Gujarat Budget: आम आदमी पार्टी ने भाजपा की गुजरात सरकार के बजट में आम जनता की अनदेखी करने पर तीखा हमला बोला है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के राज में गुजरात में जब मर्जी बिजली आती है, सड़कों का बुरा हाल है।

Image

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल

Photo : Times Now Digital

Gujarat Budget: आम आदमी पार्टी ने भाजपा की गुजरात सरकार के बजट में आम जनता की अनदेखी करने पर तीखा हमला बोला है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह बजट हर वर्ग के साथ धोखा है। बजट में स्कूल, अस्पताल, सड़कों, किसानों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं समेत किसी तबके के लिए कुछ भी नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो भाजपा की जेब में है। जनता कांग्रेस को वोट नहीं देगी। इसलिए भाजपा को घमंड हो गया है कि उसे काम करने की क्या जरूरत है? जनता उसे छोड़ कर कहां जाएगी? यह बजट भाजपा सरकार के घमंड को दिखाता है। कांग्रेस और भाजपा से निराश गुजरात के लोग आम आदमी पार्टी की तरफ बड़ी उम्मीद से देख रहे हैं और इसका बदला बदलाव लाकर लेंगे।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दो-तीन दिन पहले गुजरात का बजट आया है। लोगों को बजट से बहुत उम्मीदें होती हैं। आम आदमी के घर का बजट काफी हद तक सरकारी बजट पर निर्भर करता है। क्या सस्ता और क्या महंगा होगा, शिक्षा, स्वास्थ्य का क्या होगा, यह सब बजट तय करता है। बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि गुजरात भाजपा सरकार के इस बजट में आम लोगों के लिए कुछ भी नहीं है। बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों, किसानों, व्यापारियों, महिलाओं, बेरोजगार युवाओं समेत किसी भी तबके के लिए कुछ नहीं है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पौने दो साल बाद गुजरात विधानसभा का चुनाव होगा। अक्सर देखा गया है कि चुनाव करीब आने पर सत्ता में बैठी पार्टियां जनता से डरती हैं और कुछ सहूलियतें देती हैं ताकि जनता का वोट मिल जाए। गुजरात सरकार को जनता के वोट की परवाह ही नहीं है। दूसरी तरफ, आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब में हर परिवार को 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा दिया है। 10 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा बहुत कम लोग कराते हैं। 10 लाख रुपए में गरीब आदमी भी फोर्टिस, मैक्स जैसे सबसे अच्छे अस्पतालों में जाकर अपना इलाज करा सकेगा।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के राज में गुजरात में जब मर्जी बिजली आती है, सड़कों का बुरा हाल है। 90 किमी का सफर करने में 3-4 घंटे लगते हैं। हम 21वीं सदी में पहुंच गए और अपनी सड़कों का स्पीड भी नहीं बढ़ा पाए। गुजरात में शिक्षा, स्वास्थ्य का बुरा हाल है। किसानों के लिए सिंचाई का पानी नहीं है। जब 2022 में पंजाब में 'आप' की सरकार बनी तो सिर्फ 23 फीसद खेतों तक सिंचाई के लिए पानी की पहुंच थी, लेकिन आज 4 साल बाद 67 फीसद खेतों तक पानी पहुंच गया है।

गुजरात सरकार पर बरसे भगवंत मान

इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि बजट लाखों-करोड़ों रुपए का होता है, लेकिन आम लोगों के लिए उसका सदुपयोग नहीं हो पाता है और यह बहुत लंबे समय से देखा जा रहा है। इस बार देश और गुजरात का बजट लगभग एक जैसा ही है, क्योंकि इसमें आम लोगों, किसानों, महिलाओं, गरीब तबके, छोटे व्यापारियों और दुकानदारों के लिए कुछ भी नहीं है।

भगवंत मान ने बताया कि जब दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने सरकार संभाली थी, तो 30,000 करोड़ रुपए का बजट था और सरकार छोड़ने के समय यह 66,000 करोड़ रुपए हो गया था। दिल्ली में 24 घंटे बिजली मिल रही थी, स्कूल अच्छे हो गए थे, निजी स्कूलों की फीस बढ़ने पर रोक लगी और स्कूलों के बुनियादी ढांचे पर पैसा खर्च हुआ। सरकारी स्कूलों में स्विमिंग पूल और लिफ्ट लग गईं और वे कमाल के बन गए।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article