उत्तर प्रदेश के कासगंज में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक घर में पांच लोगों के शव मिले हैं। मृतकों में दंपति समेत तीन बच्चे हैं। घटना की जानकारी पाकर मौके पर आलाअधिकारी पहुंचे हैं और जांच पड़ताल जारी है। ये हत्या है या आत्महत्या अभी इसका पता नहीं चला है।
कटर से दरवाजा काटकर अंदर घुसी पुलिस
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ये घटना कासगंज के अमांपुर कस्बे की है। जहां पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाले सत्यवीर के घर पर मास सुसाइड का मामला सामने आया है। यहां पड़ोसियों ने घर के जंगले से देखा तो उन्हें सत्यवीर फंदे से लटका मिला। वहीं, बच्चे और पत्नी जमीन पर मृत अवस्था में पड़े थे। जिसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा कटर से कटवाकर घर में घुसी और मृतकों की शिनाख्त करवाई और पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों की पहचान सत्यवीर और उसकी पत्नी रामश्री और बेटी प्राची और आकांक्षा और बेटा गिरीश के रूप में हुई है। आस-पास के लोगों ने बताया कि सत्यवीर की वेल्डिंग की दुकान थी।
हत्या या आत्महत्या अभी साफ नहीं
वहीं, कुछ देर बाद ही एसपी सहित अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। इतना ही नहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। हालांकि अभी मौत की वजह साफ नहीं है। पुलिस इसकी तह तक जाने में लगी है। वहीं, एक ही घर में पांच लोगों की एक साथ मौत से हर कोई डरा हुआ है। जिसके कारण इलाके में तनाव है।
