Delhi Kidnapping News: राजधानी दिल्ली में एक 13 साल के बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। किडनैपर ने बच्चे की रिहाई के लिए परिवार से सिर्फ 40 हजार रुपये की फिरौती मांगी थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने सिर्फ 3 घंटे के अंदर न सिर्फ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया बल्कि बच्चे को भी सकुशल बचा लिया। इस पूरे ऑपरेशन में 5,000 रुपये के एक UPI ट्रांजेक्शन और एक साइबर कैफे संचालक ने अहम भूमिका निभाई। मामला 30 अक्टूबर का है।
प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)
शाहदरा से चोरी हुआ 13 साल का बच्चा
शाहदरा के ज्योति नगर थाने में एक महिला ने शिकायत दी कि उसका बेटा घर से कुछ सामान लेने निकला था, लेकिन लौटा नहीं। कुछ देर बाद ही महिला के पास एक अनजान नंबर से फोन आया और फोन करने वाले ने कहा कि उसका बेटा उसके कब्जे में है और 40,000 रुपये देने पर ही उसे छोड़ेगा। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर टीम गठित की। जांच के दौरान आरोपी ने महिला को दोबारा फोन किया और फिरौती की रकम UPI से भेजने को कहा। उसने महिला को एक QR कोड/बारकोड भेजा। यहां पुलिस ने दिमाग लगाया।
पुलिस ने अपने अकाउंट से भेजा 5000 रुपये
आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने अपने ही एक कर्मी के अकाउंट से उस बारकोड पर 5,000 रुपये भेज दिए और टेक्निकल सर्विलांस से उस लेनदेन को ट्रैक किया। लोकेशन करावल नगर की एक गली में स्थित साइबर कैफे की निकली। पुलिस टीम जब कैफे पहुंची तो कैफे संचालक ने बताया कि एक युवक एक नाबालिग लड़के के साथ आया था और उसने 50 रुपये कमीशन देकर अपना 5,000 रुपये निकलवाने के लिए कैफे के UPI बारकोड का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने कैफे का CCTV फुटेज दिखाया तो महिला ने अपने बेटे को पहचान लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- मणिपुर में दो लापता युवकों के शव बोरे में मिले
आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने बिछाया जाल
इसके बाद पुलिस ने दूसरा जाल बिछाया। उसी बारकोड पर फिर से 5,000 रुपये का ट्रांजेक्शन किया ताकि लालच में आरोपी दोबारा उसी कैफे पर आए। प्लान काम कर गया। आरोपी बच्चे को लेकर फिर से कैश लेने कैफे पहुंचा और वहां पहले से मौजूद पुलिस ने कैफे संचालक की मदद से उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान आकाश के रूप में हुई है। वह सदर बाजार में डिलीवरी असिस्टेंट का काम करता है। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने चचेरे भाई के जरिए बच्चे को जानता था। वह बच्चे को स्कूटर पर बहला-फुसलाकर ले गया था।
तीन घंटे के भीतर किडनैपर हुआ गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के पास से 5,000 रुपये कैश, फिरौती में इस्तेमाल मोबाइल फोन और अपहरण में इस्तेमाल स्कूटर बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का कोई पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है। बच्चे को परिवार को सौंप दिया गया है। अब पुलिस जांच कर रही है कि इस वारदात में आरोपी अकेला था या कोई और भी शामिल था।
