Delhi Metro Suicide: नोएडा के सेक्टर 39 थाना क्षेत्र स्थित गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन पर आज दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जहां एक 25 वर्षीय युवती ने मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से मेट्रो स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना की जानकारी पुलिस अधिकारियों ने दी।
सांकेतिक तस्वीर
खुदकुशी की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर 39 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतका सलारपुर, थाना सेक्टर 39 क्षेत्र में रह रही थी।
साफ नहीं हुई आत्महत्या की वजह
फिलहाल आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वही इस घटना के बाद कुछ देर के लिए ब्लू लाइन मेट्रो सेवाएं बाधित रहीं।
सूचना पर थाना सेक्टर 39 पुलिस द्वारा मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। युवती के परिजनों को सूचित किया गया है और बाकी की जरूरी कार्यवाही की जा रही है।
अधिकारी ने क्या कहा
गौतमबुद्धनगर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राम बदन सिंह ने कहा, “हमें सूचना मिली कि गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन पर 25 वर्षीय लड़की ने मेट्रो के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।”
सिंह ने कहा कि आस-पास मौजूद लोगों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
