दिल्ली

दिल्ली में महिलाओं को BJP सरकार कब देगी 2500 रुपये? होने वाली सीएम रेखा गुप्ता ने बता दी तारीख

दिल्ली में आज रेखा गुप्ता सीएम पद की शपथ लेंगी। रेखा गुप्ता के साथ-साथ 6 कैबिनेट मंत्री भी शपथ लेंगे। जिसमें प्रवेश वर्मा और कपिल मिश्रा जैसे नेता शामिल हैं।

Image

दिल्ली की होने वाली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

दिल्ली में बीजेपी ने महिलाओं को सत्ता में आने पर 2500 रुपये देने का वादा किया था, अब बीजेपी जीत चुकी है, आज नए सीएम के रूप रेखा गुप्ता शपथ लेंगी। नई सरकार के गठन से पहले ही बीजेपी से यह सवाल पूछा जाने लगा था कि वो महिलाओं को पैसे कब देगी। शपथ से पहले रेखा गुप्ता ने इसका जवाब दे दिया है।

दिल्ली में महिलाओं को कब मिलेंगे पैसे

दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को आश्वासन दिया कि भाजपा की सरकार महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक वित्तीय सहायता प्रदान करने के अपने चुनावी वादे को पूरा करेगी। गुप्ता ने कहा कि मासिक सहायता की पहली किस्त आठ मार्च तक पात्र महिलाओं के खातों में जमा कर दी जाएगी। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता बृहस्पतिवार दोपहर को रामलीला मैदान में दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगी। इस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी समेत कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहेंगी।

क्या बोलीं रेखा गुप्ता

बुधवार को भाजपा विधायक दल की नेता चुनी गईं गुप्ता ने इस बात पर जोर दिया कि अपने वादों को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा- ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने को साकार करना राष्ट्रीय राजधानी के सभी 48 भाजपा विधायकों की जिम्मेदारी है। हम महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता सहित अपने सभी वादों को निश्चित रूप से पूरा करेंगे। महिलाओं को आठ मार्च तक उनके खातों में रकम निश्चित ही पहुंचा दी जाएगी।’’

बीजेपी ने जीती हैं 48 सीटें

आम आदमी पार्टी (आप) ने सत्ता में आने पर महिलाओं के लिए 2,100 रुपये मासिक सहायता की घोषणा की थी। वहीं, भाजपा ने अपने घोषणापत्र में 2,500 रुपए मासिक सहायता का वादा किया था। दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 70 में से 48 सीट पर कब्जा कर जीत हासिल की और ‘आप’ के एक दशक लंबे शासन का अंत कर दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article