Delhi New Minister List: दिल्ली में बीजेपी 27 सालों बाद सरकार बना रही है। बीजेपी ने रेखा गुप्ता को दिल्ली सीएम के लिए चुनाव है, जो आज शपथ लेंगी। रेखा गुप्ता के साथ-साथ अब बीजेपी ने मंत्रियों की लिस्ट भी जारी कर दी है। सरकारी अधिसूचना के अनुसार दिल्ली की नई बीजेपी सरकार में फिलहाल सीएम के साथ-साथ 6 और मंत्री होंगे।
कौन-कौन बनेंगे दिल्ली में मंत्री
सरकार की अधिसूचना के अनुसार प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, पंकज सिंह, मनजिंदर सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्राज दिल्ली में कैबिनेट मंत्री होंगे। प्रवेश वर्मा ने हाल में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को हराया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय की एक अधिसूचना में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने नामित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सलाह पर भाजपा विधायकों प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को दिल्ली सरकार में मंत्री नियुक्त किया है। ये नए मंत्री मुख्यमंत्री पद के लिए चुनी गईं गुप्ता के साथ रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में बृहस्पतिवार को शपथ लेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने जताई खुशी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मनजिंदर सिंह सिरसा गुरुवार को मंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्होंने इस पर खुशी जताते हुए कहा कि ये सौभाग्य की बात है कि उन्हें भी दिल्ली में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में योगदान देने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 11 सालों तक आम आदमी पार्टी ने सिख समुदाय के प्रतिनिधित्व के लिए कुछ भी नहीं किया। लेकिन, यह खुशी की बात है कि हमारी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सिख समुदाय के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाना शुरू कर दिया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
