delhi liquor scam details: दिल्ली शराब घोटाले (Delhi Liquor Scam) की गूंज पिछले काफी समय से जारी है और इसकी आंच में आम आदमी पार्टी के कई दिग्गज नेता आ चुके हैं, ताजा घटनाक्रम में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को बुधवार को ED ने गिरफ्तार कर लिया है, जानने की कोशिश करते हैं कि ये किस तरीके का घोटाला है और क्या अनियमिततायें इसमें हुई हैं।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल सरकार ने नवंबर 2021 में दिल्ली में एक नई शराब नीति पेश की, नीति के तहत सरकार ने शराब की खुदरा बिक्री से हाथ खींच लिया और प्राइवेट लाइसेंसधारियों को स्टोर चलाने की परमीशन दी, उस वक्त दिल्ली सरकार का कहना था कि ऐसा कालाबाजारी पर नकेल कसने और सरकारी राजस्व बढ़ाने के मकसद से किया गया है।
नई नीति के तहत दिल्ली में शराब की दुकानें असीमित छूट दे सकती हैं इसका असर ये हुआ कि शराब की बिक्री बढ़ी और दिल्ली सरकार ने राजस्व में खासी बढ़ोत्तरी हुई वहीं बीजेपी ने दिल्ली में 'शराब संस्कृति' को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था।
पिछले साल यानि साल 2022 के जुलाई में दिल्ली के मुख्य सचिव ने नई शराब नीति में उल्लंघनों को चिह्नित करते हुए शराब लाइसेंसधारियों को 'बेजा लाभ' देने का आरोप लगाया साथ ही शराब लाइसेंस शुल्क में 144 करोड़ की छूट का मामला भी सामने रखा।
मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की
मुख्य सचिव की रिपोर्ट के आधार पर उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की इसके बाद दिल्ली सरकार ने नई शराब नीति वापस ले ली जिससे कई नए खुले स्टोर बंद हो गए और नई नीति लागू होने तक शराब की बिक्री फिर से सरकारी नियंत्रण में कर दी गई।
ईडी ने आरोप लगाया कि 'साउथ ग्रुप' और AAP के बीच एक व्यवस्था थी
ईडी ने आरोप लगाया कि 'साउथ ग्रुप' और आप के बीच एक व्यवस्था थी जिसके तहत साउथ ग्रुप ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी को उसके गोवा चुनाव अभियान के लिए धन मुहैया कराया था। ईडी ने आरोप लगाया कि 'साउथ ग्रुप' को दिल्ली में अपने नियंत्रण वाले शराब कारोबार के माध्यम से यह पैसा वसूलना था।
मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया
दिल्ली शराब घोटाले में सबसे बड़ी गिरफ्तारी मार्च में हुई जब ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया बाद में उन्होंने डिप्टी सीएम पद से भी इस्तीफा दे दिया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
