Delhi News: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत विहार इलाके में एक निर्माणाधीन दीवार के गिर जाने की खबर सामने आई है। निर्माणाधीन दीवार गिरने की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारी और पुलिस को मामले की सूचना दी गई। हादसे की जानकारी प्राप्त होते ही पुलिस और डीएफएस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दीवार गिरने के बाद उसके नीचे तीन मजदूरों के दबे होने की आशंका है।
गिरी दीवार के नीचे मजदूरों के फंसे होनी आशंका
घटनास्थल पर मौजूद दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने बताया कि दीवार गिरने की सूचना शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे मिली थी, जिसके बाद दमकल विभाग की पांच गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीन मजदूरों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल), डीडीएमए (दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण), विभिन्न नगर निकाय एजेंसी, अग्निशमन और पुलिस के बचाव दल मौके पर मौजूद हैं। अधिकारी ने बताया कि श्रमिकों को बचाने के प्रयास जारी है।
एक अधिकारी ने बताया कि मलबे में फंसे मजदूरों के एक गहरे गड्ढे में गिरने की आशंका है और उन्हें बचाने के लिए गोताखोर एवं दमकलकर्मियों द्वारा तलाश अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि मलबे को हटाने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया जा रहा है और पंप की मदद से पानी निकालने का काम जारी है। दिल्ली में भारी बारिश के कारण विभिन्न इलाकों और सड़कों पर जलभराव हो रहा है, जिसके चलते यातायात व्यवस्था बाधित हो गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
