Central Delhi: शुक्रवार की रात सेंट्रल दिल्ली में एक गोलीबारी की वारदात हुई। दो युवकों ने एक इत्र व्यापारी पर गोलियां चलाईं। हमले में व्यवसायी घायल हो गए थे। जिसके बाद दिल्ली पुलिस की छह टीमें हमलावरों की तलाश कर रही थीं, जिसमें अब कामयाबी मिल गई है। हालांकि इस हमले का कारण अबतक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
क्या था मामला
बीते शुक्रवार को सेंट्रल दिल्ली के तिलक मार्ग पर भैरो मंदिर के पास यह घटना हुई। जब नोएडा निवासी राजेंद्र अपने घर लौट रहे थे। दिल्ली के चांदनी चौक में राजेंद्र की इत्र की दुकान है, वहीं से रात करीब सवा 10 बजे वो घर की ओर जा रहे थे जब मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने इनपर गोली चला दी। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में 21 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और जबकि एक किशोर को हिरासत में लिया है।
DCP नई दिल्ली देवेश महला ने बताया कि, राजेंद्र का कथित तौर पर पीछा कर रहे हमलावरों ने मंदिर के पास गोलियां चलाईं। घायल होने के बावजूद राजेंद्र अपने कारोबारी सहयोगी को सूचित करने में कामयाब रहे, जिसने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। राजेंद्र जब अस्पताल पहुंचे तो वहां के कर्मियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि राजेंद्र का फिलहाल इलाज चल रहा है।
35 से अधिक अधिकारियों की बनी थीं टीमें
तिलक मार्ग थाने में हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। DCP ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए 35 से अधिक अधिकारियों की छह टीम गठित की गई थीं।
जिसके बाद पुलिस ने प्रशांत (21) को गिरफ्तार किया और एक किशोर को हिरासत में लिया। हमले के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है।
घटना की जांच की जा रही है। राजेंद्र चांदनी चौक के तिलक बाजार में इत्र की दुकान है। पुलिस के मुताबिक राजेंद्र ने बताया है कि घटना के समय उसके पास ज्यादा नकदी नहीं थी और राजेंद्र से कोई लूटपाट भी नहीं हुई थी।
(इनपुट-भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
