Delhi: दिल्ली में लूटपाट और चोरी की घटनाएं आए दिन बढ़ती जा रही हैं। इस बीच दिल्ली पुलिस ने लुटेरों के एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि यह सभी मध्य प्रदेश के हैं और ताला-चाबी बनाने का काम करते हैं। पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों द्वारा कथित तौर पर बंद घरों को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण और नौ दोपहिया वाहनों के साथ भारी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
दिल्ली पुलिस ने तीन लुटेरों को किया गिरफ्तार
चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन लोग गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने बंद घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले मध्य प्रदेश से तीन लोगों को गिरफ्तारी किया है। इनकी पहचान पुलिस ने आरोपी सुरजीत सिंह (41), अनिल सिंह (32) और कीर्तन सिंह (24) के रूप में की है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह तीनों पेशे से ताला-चाबी बनाने का काम करते थे और घरों में सेंध लगाने के लिए अपनी इस विशेषज्ञता का इस्तेमाल करते थे।
सोने के आभूषण समेत चोरी का माल बरामद
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से सोने के आभूषण और नौ दोपहिया वाहनों सहित बड़ी मात्रा में चोरी की संपत्ति बरामद की गई है। आरोपी मध्य प्रदेश के इंदौर के निवासी हैं और चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस ने 20 अप्रैल को विजय विहार इलाके में चोरी का एक मामला दर्ज होने के बाद अभियान शुरू किया था। शिकायतकर्ता ने सोने के आभूषण और 50,000 रुपये नकद चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अभियान की शुरुआत की। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया "कई टीम ने सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की, स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया और संदिग्धों का पता लगाया। सुराग उन्हें महिपालपुर के एक होटल तक ले गए, जहां 50 से अधिक होटलों की तलाशी ली गई और आखिरकार इन तीनों को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने बताया कि बरामद की गई वस्तुओं में 22,000 रुपये से अधिक नकद, सोने की 10 चूड़ियां, दो हार, नौ अंगूठियां, सात जोड़ी झुमके और सोने की चार चेन शामिल हैं। ताला तोड़ने वाला एक विशेष उपकरण भी जब्त किया गया। पुलिस अधिकारी ने कहा, "सुरजीत का आपराधिक रिकॉर्ड है, जिसमें शस्त्र अधिनियम के मामले सहित पहले के 10 मामले शामिल हैं। अनिल और कीर्तन के खिलाफ भी मध्य प्रदेश में चोरी के कई मामले दर्ज किए गए हैं। आगे की जांच जारी है।"
चोरी के इरादे से दिल्ली आते थे आरोपी
एक अधिकारी ने बताया कि लगातार पूछताछ करने पर आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चोरी करने के इरादे से हर महीने दिल्ली आते थे और दो सप्ताह के अंतराल में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देते थे। महिपालपुर में एक होटल का कमरा बुक करने के बाद वे दिन के दौरान बंद घरों की टोह लेते थे और रात में अपने अपराधों को अंजाम देने के लिए स्थानीय दोपहिया वाहन चुरा लेते थे। अधिकारी ने यह भी बताया कि वे अक्सर मध्य प्रदेश लौटने से पहले एक ही रात में 10 से अधिक घरों को निशाना बनाते थे।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
