Delhi Electricity: गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए दिल्ली सरकार पूरी तरह से तैयार है। इसी दिशा में दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने दिल्ली सचिवालय में ऊर्जा विभाग और बिजली कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में दिल्ली में समर एक्शन प्लान-2025 को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए।
ऊर्जा मंत्री ने बैठक के बाद जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि राजधानी के सभी नागरिकों को नियमित बिजली आपूर्ति मिले।
बिजली के तारों को व्यवस्थित करने पर जोर
आशीष सूद ने बिजली के खंभों और तारों की स्थिति को सुधारने के लिए भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में एक मॉडल कॉलोनी विकसित करनी होगी, जहाँ बिजली के तार लटके हुए न हों और सब कुछ सुव्यवस्थित तरीके से हो। इसके अलावा, बिजली के खंभों पर अगर अन्य कंपनियों के अनधिकृत तार लगे हैं, तो उन्हें तुरंत हटाने का आदेश दिया गया है।
पावर ग्रिड फेल होने पर 5 मिनट में मरम्मत के निर्देश
बैठक में ऊर्जा मंत्री ने यह भी स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि दिल्ली में किसी भी इलाके में पावर ग्रिड फेल होता है, तो अधिकतम 5 मिनट के भीतर उसकी मरम्मत कर दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि लोगों को बिजली कटौती की समस्या का सामना न करना पड़े।
हर 15 दिन में होगी समीक्षा बैठक
ऊर्जा मंत्री ने यह भी घोषणा की कि अब हर 15 दिन में ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें पिछले फैसलों की प्रगति पर चर्चा की जाएगी और आगामी योजनाओं पर कार्य किया जाएगा।
दिल्ली सरकार एक्शन मोड में
मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार गर्मियों में नागरिकों को बिजली संबंधी किसी भी परेशानी से बचाने के लिए पूरी तरह सक्रिय है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार एक्शन मोड में काम कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
