Satyendra Jain: सुप्रीम कोर्ट ने AAP नेता सत्येंद्र जैन को दी अंतरिम जमानत, स्वास्थ्य के आधार पर मिली राहत

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 26, 2023, 01:12 PM IST

सत्येंद्र जैन धनशोधन मामले में लंबे समय से जेल में हैं और इन दिनों उनका स्वास्थ्य काफी गिर गया है। इसी आधार पर सुप्रीम कोर्ट से उन्हें जमानत मिली है।

Satyendra Jain: सुप्रीम कोर्ट ने आप नेता व दिल्ली सरकार में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को स्वास्थ्य के आधार पर जमानत दे दी है। सुप्रीम कोर्ट ने जेल में बंद दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को अपनी पसंद के अस्पताल में इलाज कराने की अनुमति दी और उनसे चिकित्सा रिकॉर्ड पेश करने के लिए कहा। अदालत ने सत्येंद्र जैन को अपनी अंतरिम जमानत की अवधि के दौरान मीडिया से बात न करने का भी निर्देश दिया।

11 जुलाई तक अंतरिम जमानत

सुप्रीम कोर्ट ने धन शोधन के एक मामले में दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को चिकित्सा आधार पर 11 जुलाई तक अंतरिम जमानत दे दी है। न्यायमूर्ति जे के माहेश्वरी और न्यायमूर्ति पी एस नरसिम्हा की पीठ ने शुक्रवार को जैन को अपनी पसंद के अस्पताल में इलाज कराने की अनुमति दी और उनसे 10 जुलाई तक चिकित्सा रिकॉर्ड पेश करने को कहा।

जैन की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी ने कहा कि पूर्व मंत्री का वजन 35 किलोग्राम कम हो गया है और वह रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्या से परेशान हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसीटर जनरल एस वी राजू ने जैन की अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) या राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा चिकित्सा जांच कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर मेडिकल रिपोर्ट में इलाज की जरूरत बताई जाती है तो जांच एजेंसी इसका विरोध नहीं करेगी।

End of Feed