भारतीय रेलवे देश की लाइफलाइन है। इतने बड़े देश को भारतीय रेलवे एक सूत्र में पिरोती है। लेकिन यात्रियों की संख्या के लिहाज से रेलवे की सीटें अक्सर कम पड़ जाती है, जिसके कारण रेल टिकट दलाली का धंधा चलता है। बहुत से यात्री जानबूझकर इन दलालों से टिकट लेते हैं, ताकि उन्हें रेलवे की कन्फर्म टिकट मिल जाए। जबकि कुछ लोग रेलवे एजेंट समझकर उनसे गलती से टिकट खरीद लेते हैं। ऐसे ही 27 दलालों को गिरफ्तार किया गया है।
भारतीय रेलवे ने दलाली और अवैध टिकट बुकिंग के खिलाफ नई दिलली में कड़ा कदम उठाया है। ऑपरेशन ‘उपलब्ध’ के तहत ऐसे 27 दलालों को गिरफ्तार किया है। इन दलालों के पास से लगभग 200 रेल टिकटें जब्त की गईं हैं। जब्त की गई टिकटों का मूल्य 3 लाख, 81 हजार, 389 रुपये के करीब है।
ऐसे चलता है दलालों का खेल
दरअसल ये दलाल रेलवे टिकटों को थोक मेंं खरीदकर आम यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिलने देते थे। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने इस अभियान में अवैध सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल और अनधिकृत टिकट कारोबार को रोकने के लिए कार्रवाई की।
ऑपरेशन अमानत
यही नहीं रेलवे ने खोए सामान को यात्रियों तक पहुंचाने के लिए ऑपरेशन अमानत भी चलाया है। ऑपरेशन ‘अमानत’ के तहत 498 से अधिक खोए हुए सामान को यात्रियों को वापस किया गया है। RPF यात्रियों की सुरक्षा और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रहा है।
ऐसे एजेंट से न खरीदें टिकट
भारतीय रेलवे मंत्रालय ने यात्रियों को चेतावनी दी है कि अगर कोई एजेंट वेटिंग के बावजूद कंफर्म टिकट दिलाने का दावा करता है, तो वह दलाल हो सकता है। टिकट खरीदते समय यात्रियों को अपना पूरा नाम सुनिश्चित करना चाहिए, क्योंकि दलाल अक्सर आधे-अधूरे नाम वाले टिकट देते हैं, जिससे यात्रा के दौरान समस्याएं हो सकती हैं।
यह अभियान पूरे देश में जारी है और इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और परेशानी मुक्त सेवा प्रदान करना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
